रियाद एयरपोर्ट हमले में एक और भारतीय की मौत, ICU में चल रहा था इलाजBy IANS Wed, 04 November 2026 03:58 PM

Photo: IANS

रियाद। सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 10 अक्टूबर को हुए हमले में घायल एक और भारतीय नागरिक की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह गंभीर हालत में अस्पताल के आईसीयू में भर्ती थे। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने बुधवार को इसकी पुष्टि की। इसके साथ ही इस हमले में जान गंवाने वाले भारतीयों की संख्या बढ़कर दो हो गई है।

भारतीय दूतावास ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस मुश्किल समय में परिजनों के साथ है। दूतावास ने आश्वासन दिया कि परिवार की इच्छा के अनुसार पार्थिव शरीर को भारत लाने या रियाद में ही अंतिम संस्कार की व्यवस्था करने में हरसंभव सहायता दी जाएगी।

दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि हमले में गंभीर रूप से घायल एक अन्य भारतीय ने आईसीयू में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। मिशन ने बताया कि वह लगातार मृतक के परिवार के संपर्क में है और आगे भी हर जरूरी सहायता उपलब्ध कराएगा।

इससे पहले पिछले महीने भी दूतावास ने हमले में घायल एक भारतीय नागरिक की मौत की पुष्टि की थी। मृतक की पहचान हैदराबाद निवासी मोहम्मद यूसुफ अली के रूप में हुई थी। हमले में उनके दो बेटे और एक रिश्तेदार महिला भी घायल हुए थे।

हमले के बाद भारतीय दूतावास ने जानकारी दी थी कि इस घटना में कुल 11 भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। दूतावास के अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन से संपर्क कर घायलों की स्थिति की जानकारी ली थी और जरूरत के मुताबिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया था।

सऊदी जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन के अनुसार, किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को निशाना बनाकर किए गए हमले में कुल 12 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 309 अन्य घायल हुए थे। यह हमला ऐसे समय हुआ था, जब यमन के हूती समूह और सऊदी अरब के बीच प्रमुख हवाई अड्डों को निशाना बनाकर हमले किए जा रहे थे।

भारत ने भी इस हमले की निंदा की थी। भारत ने कहा था कि आम नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना अस्वीकार्य है। साथ ही क्षेत्र में जारी शत्रुता को तत्काल रोकने की अपील की थी।