
Ranchi: झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस पर इस बार समारोह भले ही सादगी से हुआ, लेकिन नेताओं के संबोधन में राज्य के बीते सफर और आने वाले कल की कई तस्वीरें सामने आईं। अलग राज्य के लिए हुए संघर्ष से लेकर आज की गरीबी, बेरोजगारी और विकास की चुनौतियों तक, सदन के मंच से कई अहम मुद्दे उठे। सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने अपने-अपने नजरिये से झारखंड के सामने मौजूद सवालों पर बात रखी।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सबसे पहले संबोधन किया। उन्होंने उत्कृष्ट विधायक सम्मान के लिए निरल पूर्ति को बधाई दी और झारखंड आंदोलन के शहीदों के योगदान को याद किया। बाबूलाल ने कहा कि अलग राज्य का सपना गरीबी और बेरोजगारी से मुक्ति का था, लेकिन ये समस्याएं आज भी राज्य के सामने खड़ी हैं। उन्होंने सरकार से विपक्ष की बात सुनने और जनता की शिकायतों पर ध्यान देने की अपील की। उनका कहना था कि 2050 तक झारखंड को विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य लेकर चलना होगा।
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि झारखंड का गठन सत्ता का सुख भोगने के लिए नहीं हुआ था। राज्य को आगे बढ़ाने के लिए गांवों की अर्थव्यवस्था मजबूत करनी होगी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक स्थिति सुधारने में बजट और सरकारी योजनाओं की भूमिका का जिक्र किया। साथ ही निरल पूर्ति के कामकाज को दूसरे विधायकों के लिए सीखने योग्य बताया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा को लोकतंत्र का सबसे बड़ा मंदिर बताते हुए कहा कि यहां हर सदस्य समान है। उन्होंने शिक्षा, महिलाओं को आगे बढ़ाने और सरकारी व्यवस्था की कमियों को दूर करने को जरूरी बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य योजनाओं का लाभ राज्य के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर व्यवस्था तैयार करना भी सबकी जिम्मेदारी है।
निरल पूर्ति की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे प्रचार से ज्यादा अपने काम पर ध्यान देते हैं। उन्होंने विधायकों को याद दिलाया कि पांच साल बाद उन्हें जनता के बीच अपने काम का हिसाब देना होता है। सीएम ने यह भी कहा कि सरकार का हर फैसला जनता के हित को ध्यान में रखकर होना चाहिए।
हाल के दिनों में हुई दुखद घटनाओं के कारण इस बार समारोह का आयोजन बड़े स्तर पर नहीं किया गया। मुख्यमंत्री ने अगले साल इसकी भरपाई करने की बात कही।