सरकारी नौकरियों में देरी से नाराज छात्रों की महापंचायत, सात जिलों के अभ्यर्थियों ने उठाई आवाजBy Mid Time Correspondent Sun, 22 November 2026 06:41 PM

Ranchi: झारखंड में सरकारी नौकरियों की लंबित नियुक्तियों और परीक्षा प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर रविवार को हजारीबाग के गांधी मैदान में छात्र महापंचायत हुई। जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के सात जिलों से सैकड़ों छात्र शामिल हुए। छात्रों ने नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाने और नई बहाली के विज्ञापन जारी करने की मांग की।

महापंचायत में हजारीबाग के अलावा चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, रामगढ़ और धनबाद के अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। छात्रों ने जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं के लिए नियमित कैलेंडर जारी करने तथा लंबित नियुक्तियों को जल्द पूरा करने की मांग रखी।

अभ्यर्थियों ने दारोगा, जिला पुलिस, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, सहायक आचार्य, टीजीटी-पीजीटी, एलडीसी और तकनीकी पदों पर बहाली शुरू करने की मांग की। इसके अलावा नियुक्तियों में झारखंड के युवाओं को प्राथमिकता देने, लंबित छात्रवृत्ति का भुगतान करने और आयु सीमा में छूट देने की भी मांग उठाई।

छात्रों ने जेपीएससी और जेएसएससी-सीजीएल सहित अन्य परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच कराने की मांग की। उनका कहना था कि परीक्षा और नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता होनी चाहिए, ताकि अभ्यर्थियों का भरोसा बना रहे।

महापंचायत में शामिल छात्रों ने राज्य सरकार पर तीन महीने पहले किए गए वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अब तक इन मांगों पर ठोस पहल नहीं हुई है। छात्रों ने चेतावनी दी कि नियुक्ति प्रक्रिया में सुधार और लंबित बहाली पर कार्रवाई नहीं होने से उनका असंतोष बढ़ता रहेगा।