
नेपाल में मंगलवार सुबह आए भूकंप का असर भारत के कई राज्यों तक महसूस किया गया। सुबह करीब 7 बजकर 2 मिनट पर आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.4 दर्ज की गई। इसका केंद्र नेपाल के कोशी प्रांत में लेलेप के नजदीक बताया गया है। भूकंप के झटके भारत के अलावा भूटान और बांग्लादेश के कई इलाकों में भी महसूस किए गए। वहीं, चीन के कुछ हिस्सों से भी कंपन की खबरें सामने आई हैं।
झारखंड में भी महसूस हुआ कंपन?
नेपाल में भूकंप आने के बाद झारखंड की राजधानी रांची के कुछ इलाकों से भी कंपन महसूस होने की जानकारी सामने आई। लोवाडीह, खेलगांव और बहू बाजार के स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह कुछ सेकेंड तक आसपास की चीजें हिलती नजर आईं। हालांकि, रांची में भूकंप के झटकों को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बिहार के कई जिलों में भी हिली धरती
बिहार में भी मंगलवार सुबह भूकंप का असर देखने को मिला। सुपौल, समस्तीपुर और दरभंगा समेत कई जिलों में सुबह करीब 7 बजकर 4 मिनट पर लोगों ने धरती में कंपन महसूस किया। इस दौरान घरों में रखे पलंग और पंखे हिलने लगे। कुछ इलाकों में पेड़ों से पत्तियां गिरने की भी जानकारी मिली। अचानक आए झटकों से घबराकर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। बिहार के साथ-साथ सिक्किम और सिलीगुड़ी में भी लोगों ने भूकंप का असर महसूस किया।
असम में भी आया एक और भूकंप
इसी बीच असम के कार्बी आंगलोंग जिले में मंगलवार तड़के एक अलग भूकंप दर्ज किया गया। सुबह 3 बजकर 39 मिनट पर आए इस भूकंप की तीव्रता 2.5 मापी गई। इसका केंद्र जमीन से करीब 15 किलोमीटर की गहराई में था।
इस तरह मंगलवार की सुबह नेपाल से लेकर भारत के कई हिस्सों तक भूकंप के झटकों ने लोगों को चौंका दिया। हालांकि, इन घटनाओं से किसी बड़े नुकसान की खबर फिलहाल सामने नहीं आई है।