
झारखंड के गिरिडीह जिले में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शिखरजी की यात्रा कर लौट रहे यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। इससे पहले बस एक पेड़ से टकराई, जिसके बाद वह पलट गई। इस हादसे में पति-पत्नी समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसे के वक्त बस में करीब 50 लोग सवार थे।
गिरिडीह के SDPO आबिद खान के मुताबिक, पुलिस को रात करीब 10 बजे दुर्घटना की सूचना मिली थी। बस में सवार सभी यात्री गुजरात से आए थे। वे पारसनाथ पहाड़ी यानी शिखरजी की यात्रा पूरी करने के बाद जमशेदपुर लौट रहे थे और रेलवे स्टेशन जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान बस चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और बस सड़क किनारे गड्ढे में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। बेहतर इलाज के लिए कुछ घायलों को हजारीबाग के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार, बस चालक सुरक्षित है।
इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान गुजरात के सूरत निवासी 51 वर्षीय बाबूलाल वंशराज जैन और उनकी 49 वर्षीय पत्नी बादामी देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस के परखच्चे उड़ गए। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।