गुमला में भीषण सड़क हादसा, ट्रक में जिंदा जलकर चालक की दर्दनाक मौतBy Mid Time Bureau Tue, 24 November 2026 11:51 AM

झारखंड के गुमला में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें ट्रक चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसा शहर के कार्तिक उरांव कॉलेज के पास पालकोट रोड पर रात करीब 12:30 बजे हुआ। यहां एक ट्रक और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रक बेकाबू होकर सड़क किनारे लगे 11 हजार वोल्ट के बिजली के खंभे से जा भिड़ा। इसके कुछ ही देर बाद ट्रक में आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया।

इस हादसे में ट्रक चला रहे 35 वर्षीय पंकज कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। आग बुझने के बाद घटनास्थल पर चालक के शरीर का केवल कंकालनुमा अवशेष मिला। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के रक्सौली थाना क्षेत्र अंतर्गत नावली लालपुर निवासी पंकज कुमार के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, ट्रक राउरकेला से लोहे की छड़ें लेकर अलीगढ़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने आई कार को बचाने की कोशिश में चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्रक सीधे बिजली के पोल से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक में आग लग गई और कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।

इसी रास्ते से गुजर रहे एक दूसरे ट्रक के चालक ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह जल चुका था और चालक की जान जा चुकी थी।

मंगलवार सुबह हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। जले हुए ट्रक और चालक के अवशेष देखकर वहां मौजूद लोग भी सहम गए। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास बैरिकेडिंग कर यातायात को नियंत्रित किया। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।