




लॉस एंजिलिस। हॉलीवुड अभिनेत्री रीज़ विदरस्पून ने युवा महिलाओं के लिए कुछ ऐसे जीवन मंत्र साझा किए हैं, जिन्हें वह अपने जीवन के सबसे महत्वपूर्ण सबक मानती हैं। उनका कहना है कि सफलता पाने के लिए सबसे पहले खुद पर भरोसा करना और अपने सपनों के लिए पहल करना जरूरी है।
‘लीगली ब्लॉन्ड’ की स्टार रीज़ ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि वर्षों से मिली कई सीख आज भी उनके साथ हैं और वे उन्हें नई पीढ़ी की महिलाओं तक पहुंचाना चाहती हैं। पोस्ट में उन्होंने “वे बातें जो मैं चाहती हूं कि हर युवा महिला जाने” शीर्षक के साथ अपनी सलाह साझा की।
रीज़ ने सबसे पहले कहा कि किसी की अनुमति का इंतजार न करें। आपके सपनों की उतनी परवाह कोई और नहीं करेगा, जितनी आप खुद करते हैं। यदि आप कुछ हासिल करना चाहती हैं, तो उसकी शुरुआत आज से ही करें।

उन्होंने यह भी कहा कि आत्मविश्वास काम करने से आता है, न कि केवल तैयार महसूस करने से। जीवन की कई ऐसी उपलब्धियां, जिन पर उन्हें सबसे अधिक गर्व है, उन्होंने तब हासिल कीं जब उन्हें पूरी तरह पता भी नहीं था कि आगे क्या करना है।
अभिनेत्री ने अच्छे लोगों का साथ चुनने पर भी जोर दिया। उनके अनुसार, अपने आसपास ऐसे लोगों को रखें जो आपका हौसला बढ़ाएं, सच बोलें और आपको बेहतर बनने के लिए प्रेरित करें।
रीज़ ने ज्ञान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हर चीज़ को समझने की कोशिश करें, सवाल पूछें और सीखने की जिज्ञासा बनाए रखें। उनका मानना है कि ज्ञान ही वास्तविक शक्ति है।


उन्होंने अपनी बात समाप्त करते हुए कहा कि जीवन में गलतियां होना स्वाभाविक है। उनसे सीखें, लेकिन उन्हें अपने भविष्य पर हावी न होने दें। आगे बढ़ते रहना ही सफलता की कुंजी है।
ऑस्कर, एमी और गोल्डन ग्लोब जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कार जीत चुकी रीज़ विदरस्पून ने 1991 में फिल्म ‘द मैन इन द मून’ से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने ‘फ्रीवे’, ‘फियर’, ‘क्रूएल इंटेंशन्स’, ‘इलेक्शन’, ‘लीगली ब्लॉन्ड’, ‘स्वीट होम अलबामा’, ‘वॉक द लाइन’, ‘वॉटर फॉर एलीफेंट्स’ और ‘वाइल्ड’ जैसी कई चर्चित फिल्मों में अभिनय किया।
उनकी हालिया फिल्म ‘यू आर कॉर्डियली इनवाइटेड’ है, जिसका निर्देशन निकोलस स्टोलर ने किया है। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेता विल फेरेल भी नजर आए हैं।
With inputs from IANS
