पश्चिम बंगाल मे भाजपा का पहला सीएम कौन, आज होगा फैसला By Admin Fri, 08 May 2026 12:43 PM

कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने पहली बार जीत हासिल की है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हुई है कि पश्चिम बंगाल मे भाजपा का पहला मुख्यमंत्री कौन होगा। भारतीय जनता पार्टी ने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और ओडिसा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी को पश्चिम बंगाल का पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। दोनों ही नेता कोलकाता पहुँच चुके हैं। शुक्रवार को भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक कोलकाता में आयोजित होने जा रही है, जिसमें मुख्यमंत्री पद के लिए विधायक दल का नेता चुना जाएगा। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में होने वाली इस बैठक पर पूरे देश की नजर टिकी हुई है।
अमित शाह की मौजूदगी में होगा फैसला
भाजपा विधायक दल की बैठक शुक्रवार शाम को कोलकाता के न्यूटाउन स्थित विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में आयोजित की जाएगी। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार विधायक दल की बैठक शाम चार बजे शुरू होगी, जिसमें मुख्यमंत्री पद के नाम पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। चुनाव परिणाम आने के बाद से ही भाजपा नेतृत्व लगातार सरकार गठन की रणनीति पर मंथन कर रहा था। अब विधायक दल की बैठक के साथ मुख्यमंत्री चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है।
शुभेंदु अधिकारी सबसे आगे
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में भाजपा नेता और दो सीटों से विजयी शुभेंदु अधिकारी का नाम सबसे प्रमुख माना जा रहा है। उन्होंने इस विधानसभा चुनाव में भवानीपुर सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराकर राजनीतिक हलकों में बड़ा संदेश दिया है। इससे पहले 2021 के विधानसभा चुनाव में भी शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी को कड़ी चुनौती दी थी। इस बार भवानीपुर में मिली जीत के बाद उनका राजनीतिक कद और मजबूत माना जा रहा है। हालांकि अंतिम फैसला विधायक दल की बैठक में ही लिया जाएगा।
ब्रिगेड परेड मैदान में होगा शपथ ग्रहण
भाजपा की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार, 9 मई को आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में सुबह 11 बजे से शुरू होगा। विशेष बात यह है कि यह समारोह कविगुरु रवीन्द्रनाथ टैगोर की जयंती के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत भाजपा शासित करीब 20 राज्यों के मुख्यमंत्री, कई केंद्रीय मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं।