
नई दिल्ली : एक बार फिर देश की सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकियों के मंसूबे पर पानी फेर दिया है। समय रहते राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाके को दहलाने की आतंकियों के नापाक साजिश को सुरक्षा एजेंसियों ने नाकाम कर दिया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े कथित शहजाद भट्टी मॉड्यूल के 9 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में ऐसे खुलासे हुए हैं, जिन्होंने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
जांच में सामने आया है कि आतंकियों के निशाने पर दिल्ली का एक प्रमुख ऐतिहासिक मंदिर, हरियाणा का सैन्य कैंप और दिल्ली-सोनीपत हाईवे पर स्थित एक लोकप्रिय ढाबा था। एजेंसियों का दावा है कि मॉड्यूल राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में बड़े हमले की तैयारी कर रहा था।
सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आतंकियों में शामिल एक संदिग्ध ने दिल्ली के एक प्राचीन मंदिर की रेकी की थी। उसने मंदिर परिसर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े वीडियो और तस्वीरें पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं तक पहुंचाई थीं। जांच एजेंसियों के मुताबिक आतंकियों की योजना मंदिर की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों के जवानों को निशाना बनाकर राजधानी में दहशत फैलाने की थी। अधिकारियों का मानना है कि धार्मिक स्थल पर हमला कर सांप्रदायिक तनाव पैदा करने की भी साजिश हो सकती थी।
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि हरियाणा स्थित एक सैन्य कैंप की गतिविधियों पर भी मॉड्यूल नजर रख रहा था। इसके अलावा दिल्ली-सोनीपत हाईवे के एक चर्चित ढाबे को भी संभावित टारगेट बनाया गया था। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इन स्थानों को निशाना बनाने के पीछे क्या रणनीति थी। सुरक्षा अधिकारियों का मानना है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों और सैन्य प्रतिष्ठानों को चुनकर अधिकतम नुकसान पहुंचाने की योजना बनाई गई थी।
ISI से जुड़े अंतरराष्ट्रीय लिंक की जांच
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और केंद्रीय एजेंसियां अब मॉड्यूल के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की जांच में जुटी हैं। शुरुआती जांच में पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स से संपर्क और डिजिटल माध्यमों के जरिए निर्देश मिलने की बात सामने आई है। सुरक्षा एजेंसियां गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट, चैट रिकॉर्ड और फंडिंग नेटवर्क की जांच कर रही हैं। अधिकारियों को आशंका है कि मॉड्यूल के तार सीमा पार बैठे आतंकी संगठनों से जुड़े हो सकते हैं।
राजधानी में बढ़ाई गई सुरक्षा
आतंकी साजिश का खुलासा होने के बाद दिल्ली, हरियाणा और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्रमुख मंदिरों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, सैन्य प्रतिष्ठानों और हाईवे क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। खुफिया एजेंसियां लगातार निगरानी बनाए हुए हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। सुरक्षा अधिकारियों ने आम लोगों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
स्पेशल सेल की कार्रवाई से टला बड़ा खतरा
सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय रहते यह कार्रवाई नहीं होती तो राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में बड़ा आतंकी हमला हो सकता था। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। फिलहाल गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और जांच एजेंसियां मॉड्यूल के बाकी नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं।