
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने एक और एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों नेताओं पर आरोप है कि राजधानी में प्रदर्शन के दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर मारपीट की और सरकारी काम में बाधा डाली।
यह राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ दर्ज होने वाली दूसरी एफआईआर है। इससे पहले बुधवार को दोनों के खिलाफ आकाशवाणी परिसर में कथित तौर पर जबरन प्रवेश करने और वहां अराजकता फैलाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था।
पूरा मामला मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन से जुड़ा है। दिल्ली पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की और मारपीट की गई, साथ ही पुलिस के काम में भी बाधा पहुंचाई गई।
अब इस मामले में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ दूसरी एफआईआर दर्ज होने से राजनीतिक माहौल और गरमा गया है।