
नई दिल्ली - आयुवा कार्य एवं खेल मंत्रालय (एमवाईएएस) ने सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय खेल महासंघों (एनएसएफ) को अपने संगठन में अंतरराष्ट्रीय संबंध तथा खेलों में ‘मेक इन इंडिया’ के लिए समर्पित समितियां गठित करने का निर्देश दिया है।
भारत की वैश्विक खेल भागीदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय संबंध समिति संबंधित अंतरराष्ट्रीय महासंघों (आईएफ) और महाद्वीपीय महासंघों (सीएफ) के साथ समन्वय करेगी। इसमें प्रतियोगिता नियमों, शासन, चुनावों और खिलाड़ियों से जुड़े कार्यक्रमों में होने वाले बदलावों की निगरानी शामिल होगी।
यह समिति द्विपक्षीय और बहुपक्षीय समझौता ज्ञापनों (एमओयू), संयुक्त प्रशिक्षण शिविरों, एक्सचेंज प्रोग्राम, ज्ञान-साझाकरण पहल और भारत में अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के अवसरों को शामिल करते हुए एक मध्यम अवधि की अंतरराष्ट्रीय सहयोग योजना भी तैयार करेगी।
समिति यह सुनिश्चित करेगी कि सभी अंतरराष्ट्रीय गतिविधियां भारत सरकार की नीतियों, ओलंपिक चार्टर और आईएफ के नियमों के अनुरूप हों तथा सुशासन, एंटी-डोपिंग नियमों और खिलाड़ियों की सुरक्षा से जुड़े मानकों का पालन किया जाए।
इसके अलावा, समिति साझेदार राष्ट्रीय महासंघों और अग्रणी अंतरराष्ट्रीय खेल अनुसंधान व शैक्षणिक संस्थानों के साथ सहयोग बढ़ाने पर ध्यान देगी, ताकि भारतीय खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण और खेल विज्ञान सहायता मिल सके।
समिति अंतरराष्ट्रीय महासंघों और संबंधित संगठनों के साथ समन्वय कर बोली प्रक्रियाओं में समय पर भागीदारी सुनिश्चित करेगी। भारत में अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की मेजबानी से जुड़े सभी प्रस्ताव समीक्षा और आवश्यक होने पर पूर्व परामर्श या स्वीकृति के लिए मंत्रालय को पहले साझा किए जाएंगे।
खेलों में ‘मेक इन इंडिया’ समिति भारतीय निर्माताओं, स्टार्ट-अप्स, अनुसंधान संस्थानों तथा परीक्षण और मानकीकरण निकायों के साथ मिलकर उत्पाद विकास, ट्रायल और प्रमाणन को बढ़ावा देगी। इसका उद्देश्य ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत घरेलू खेल विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र को सशक्त करना है।
यह समिति स्वदेशी समाधानों को अपनाने पर समय-समय पर रिपोर्ट भी तैयार करेगी, जिसमें प्रगति, चुनौतियां और एनएसएफ के लिए सुझाव शामिल होंगे, खासकर ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ में योगदान पर जोर दिया जाएगा।
समितियों में महासंघ के वरिष्ठ पदाधिकारी, पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, कोच और वैश्विक खेल प्रशासन व कूटनीति में अनुभव रखने वाले विषय विशेषज्ञ शामिल होंगे। अंतरराष्ट्रीय संबंध समिति का विवरण 30 दिनों के भीतर, जबकि ‘मेक इन इंडिया’ समिति का विवरण 60 दिनों के भीतर मंत्रालय को साझा किया जा सकता है।
—आईएएनएस