
न्यूयॉर्क। भारत की शीर्ष महिला स्क्वैश खिलाड़ी अनाहत सिंह ने न्यूयॉर्क में आयोजित पीएसए प्लैटिनम इवेंट ‘स्प्रॉट टूर्नामेंट ऑफ चैंपियंस’ के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया है। वहीं, पुरुष वर्ग में अभय सिंह को अपने शुरुआती मुकाबले में कड़े संघर्ष के बाद हार का सामना करना पड़ा।
विश्व रैंकिंग में 31वें स्थान पर काबिज अनाहत ने इंग्लैंड की लूसी टरमेल को 11-3, 11-6, 9-11, 13-11 से हराया। अब दूसरे दौर में उनका सामना जापान की छठी वरीयता प्राप्त सातोमी वतनाबे से होगा।
पुरुष वर्ग में विश्व नंबर 29 अभय सिंह को स्पेन के इकर पाजारेस के खिलाफ पांच सेट तक चले मुकाबले में 4-11, 11-4, 7-11, 11-3, 3-11 से हार झेलनी पड़ी।
इस महीने की शुरुआत में अनाहत को बर्मिंघम विश्वविद्यालय में आयोजित प्रतिष्ठित ब्रिटिश जूनियर ओपन स्क्वैश टूर्नामेंट के महिला अंडर-19 फाइनल में चार सेट के कड़े मुकाबले में हार मिली थी। वह विभिन्न आयु वर्गों में अपना नौवां बीजेओ फाइनल खेल रही थीं। फाइनल में उन्हें फ्रांस की दूसरी वरीयता प्राप्त लॉरेन बाल्टायन से 9-11, 11-7, 3-11, 9-11 से पराजय का सामना करना पड़ा।
अनाहत ने सेमीफाइनल में मिस्र की मलिका एल कराक्सी को 11-8, 11-7, 11-9 से हराकर पहली बार अंडर-19 फाइनल में जगह बनाई थी। इससे पहले वह पिछले साल बीजेओ अंडर-17 फाइनल और विश्व जूनियर चैंपियनशिप के क्वार्टरफाइनल में भी मलिका को मात दे चुकी थीं।
दिल्ली की इस खिलाड़ी के लिए 2025 का वर्ष शानदार रहा। उन्होंने पीएसए टूर के अपने दूसरे सत्र में ही करियर की सर्वश्रेष्ठ विश्व रैंकिंग 28 हासिल की और दो टॉप-20 खिलाड़ियों को हराया। हाल ही में उन्होंने चेन्नई में आयोजित एचसीएल स्क्वैश इंडियन टूर-4 के फाइनल में पूर्व विश्व नंबर 10 जोशना चिनप्पा को 11-8, 11-13, 11-13, 11-6, 11-8 से हराया।
नवंबर में इंदौर में आयोजित डेली कॉलेज एसआरएफआई इंडियन ओपन के महिला फाइनल में भी अनाहत ने जोशना चिनप्पा को रोमांचक मुकाबले में 3-2 से हराकर अपना 13वां पीएसए खिताब जीता था।
वहीं, अभय सिंह इससे पहले चेन्नई के एक्सप्रेस एवेन्यू मॉल में आयोजित फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त हांगकांग, चीन को 3-0 से हराकर भारत को उसका पहला स्क्वैश विश्व कप दिलाने में अहम भूमिका निभा चुके हैं। इस जीत के साथ भारत प्रमुख विश्व स्क्वैश टीम स्पर्धा जीतने वाला पांचवां देश बना।
मिश्रित टीम विश्व कप में 12 देशों ने हिस्सा लिया था। घरेलू दर्शकों के जबरदस्त समर्थन के बीच भारत ने 2023 के सेमीफाइनल में मिली निराशा को पीछे छोड़ते हुए खिताब अपने नाम किया।
With inputs from IANS