
नई दिल्ली। शनिवार से शुरू हो रहे आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप में गत चैंपियन भारत, 2009 विजेता पाकिस्तान और 2012 व 2016 के चैंपियन टीमें पहले दिन मैदान पर उतरेंगी। सह-मेजबान भारत इस टूर्नामेंट में इतिहास रचने के लक्ष्य के साथ अपने अभियान की शुरुआत करेगा और कई ऐसे रिकॉर्ड बनाने की कोशिश करेगा जो पहले कभी हासिल नहीं किए गए हैं।
अक्टूबर 2023 से अब तक खेले गए 56 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत ने 48 मुकाबले जीतकर शानदार फॉर्म दिखाई है। हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ दमदार सीरीज जीत ने भी टीम का आत्मविश्वास बढ़ाया है। अधिकांश प्रशंसकों की नजर में सह-मेजबान भारत टूर्नामेंट की सबसे मजबूत दावेदार टीम है। भारत इस समय दोनों व्हाइट-बॉल प्रारूपों में आईसीसी रैंकिंग में नंबर एक है और घरेलू परिस्थितियों से भी भली-भांति परिचित है।
आइए नजर डालते हैं उन उपलब्धियों पर जिन्हें ‘मेन इन ब्लू’ अपने खिताब की रक्षा के दौरान हासिल करने की उम्मीद कर रहे हैं।
1) टी20 विश्व कप खिताब बचाने वाली पहली टीम बनने का मौका
भारत 2026 के टूर्नामेंट में 2024 का खिताब जीतकर गत चैंपियन के रूप में उतर रहा है। इससे पहले भारत ने 2007 में पहला टी20 विश्व कप जीता था। यदि भारत इस बार फाइनल में पहुंचकर खिताब जीतता है तो वह आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप का सफलतापूर्वक बचाव करने वाली पहली टीम बन जाएगी, क्योंकि अब तक कोई भी पुरुष टीम ऐसा नहीं कर सकी है।
भारत ने 2024 में अपने सभी आठ मुकाबले जीतकर बिना कोई मैच गंवाए खिताब जीतने का रिकॉर्ड भी बनाया था। अब टीम इस उपलब्धि को दोहराते हुए इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
2) घरेलू धरती पर टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली पुरुष टीम बनने की चुनौती
2007 में दक्षिण अफ्रीका में शुरू हुए टी20 विश्व कप में अब तक छह अलग-अलग टीमें खिताब जीत चुकी हैं। वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और भारत दो-दो बार चैंपियन बने हैं, जबकि पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका ने एक-एक बार खिताब जीता है।
अब तक किसी भी मेजबान देश ने टी20 विश्व कप नहीं जीता है। दक्षिण अफ्रीका (2007), इंग्लैंड (2009), वेस्टइंडीज (2010), श्रीलंका (2012), बांग्लादेश (2014), भारत (2016), यूएई और ओमान (2021), ऑस्ट्रेलिया (2022) तथा अमेरिका और वेस्टइंडीज (2024) में टूर्नामेंट आयोजित हुए, लेकिन मेजबान टीम खिताब नहीं जीत सकी।
भारत और श्रीलंका की सह-मेजबानी में होने वाले 10वें संस्करण में भारत इस रिकॉर्ड को तोड़ने की कोशिश करेगा। उल्लेखनीय है कि पिछले नवंबर में भारतीय महिला टीम ने नवी मुंबई के डॉ. डी.वाई. पाटिल स्टेडियम में मेजबान रहते हुए आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 का खिताब जीता था।
3) पुरुष और महिला टीम के पास एक साथ टी20 विश्व कप खिताब होने का मौका
यदि भारत 8 मार्च को टी20 विश्व कप जीतता है, तो यह पहली बार होगा जब भारतीय पुरुष और महिला टीम एक साथ टी20 विश्व कप खिताब अपने नाम करेंगी।
पिछले नवंबर में भारतीय महिला टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर अपना पहला विश्व कप खिताब जीता था। इससे पहले 2016 में वेस्टइंडीज की पुरुष और महिला टीमों ने एक साथ टी20 विश्व कप खिताब जीता था।
4) तीन बार टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बनने का लक्ष्य
भारत 2007 और 2024 में खिताब जीतकर पुरुष टी20 विश्व कप दो बार जीतने वाली तीसरी टीम बन चुका है। वेस्टइंडीज ने 2012 और 2016 में खिताब जीतकर पहली बार दो खिताब जीतने का रिकॉर्ड बनाया था, जबकि इंग्लैंड ने 2010 और 2022 में जीत हासिल की थी।
अब 2026 में भारतीय टीम तीसरी बार टी20 विश्व कप जीतकर नया इतिहास रचने की कोशिश करेगी, जो अब तक कोई भी टीम नहीं कर पाई है।
5) एक संस्करण में सबसे ज्यादा मैच जीतने का रिकॉर्ड
2024 में भारत ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच हारे बिना टी20 विश्व कप जीतकर इतिहास रचा था। भारत ने खेले गए सभी आठ मुकाबले जीते थे, जबकि कनाडा के खिलाफ एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था।
लगातार आठ जीत का यह रिकॉर्ड पुरुष टी20 विश्व कप में संयुक्त रूप से सबसे लंबी जीत का सिलसिला है। ऑस्ट्रेलिया ने 2022 और 2024 संस्करण के दौरान लगातार आठ मैच जीते थे, जबकि दक्षिण अफ्रीका भी 2024 फाइनल से पहले आठ मैचों की जीत के सिलसिले पर था।
2026 टी20 विश्व कप में 20 टीमें 55 मुकाबलों में हिस्सा लेंगी। भारत अधिकतम नौ मैच खेलेगा, जिसमें संभावित फाइनल भी शामिल है। यदि भारत पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रहता है, तो वह एक ही संस्करण में सबसे ज्यादा मैच जीतने का नया रिकॉर्ड बना सकता है।
With inputs from IANS