भारतीय हॉकी टीम मे झारखंड का दबदबा, 6 महिला और दो पुरुष खिलाड़ियों का चयन By Admin Fri, 08 May 2026 12:26 PM

RANCHI : हॉकी के क्षेत्र मे एक बार फिर झारखंड के खिलाड़ियों ने भारतीय टीम मे अपना दबदबा कायम किया है। अंडर-18 भारतीय महिला हॉकी टीम में झारखंड की 6 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम में भी झारखंड के 2 खिलाड़ी शामिल हैं। झारखंड की  खिली कुमारी, सुगन सांगा, नीलम टोपनो, श्रुति कुमारी, संदीपा कुमारी और पुष्पा मांझी 15 से 20 मई तक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भोपाल में हाई-इंटेसिटी सीरीज में खेलेंगी। गुरुवार को हॉकी इंडिया ने टीम की घोषणा की है। झारखंड की ये सभी 6 खिलाड़ी पहली बार भारतीय टीम में शामिल की गई हैं। हॉकी इंडिया ने झारखंड के आशीष सैंडी पूर्ति और जयसन कंडुलना का चयन किया है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भोपाल में होगी सीरीज
पुरुष और महिला टीम भोपाल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाई-इंटेसिटी सीरीज में खेलेगी। गौरतलब है कि झारखंड को हॉकी की नर्सरी कहा जाता है। इतिहास में जयपाल सिंह मुंडा और सिलवानुस डुंगडुंग जैसे खिलाड़ी भी झारखंड ने देश को दिए हैं। अंसुता लकड़ा भी टीम इंडिया के लिए ना केवल खेलीं बल्कि कप्तान भी बनीं। सलीमा टेटे अभी भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान हैं। निकी प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग, संगीता कुमारी औऱ दीपिका सोरेंग समेत कई खिलाड़ी टीम इंडिया के लिए खेलती हैं।
लॉस एंजलिस ओलंपिक पर है हॉकी इंडिया का फोकस
गौरतलब है कि पिछले ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम ओलंपिक के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई थी, हालांकि टोक्यो ओलंपिक में चौथे स्थान पर रही महिला टीम ने इतिहास रच दिया था। उस टीम में झारखंड की निकी प्रधान और सलीमा टेटे भी शामिल थीं। टोक्यो ओलंपिक के बाद पेरिस ओलंपिक में  भी कांस्य पदक जीतकर पुरुष हॉकी टीम ने इस खेल में  भारत का खोया हुआ गौरव लौटाने का प्रयास किया था। गौरतलब है कि भारतीय टीम 8 ओलंपिक स्वर्ण पदक जीत चुकी है।