फ्रांस में छात्र आंदोलन के बीच करीब 500 स्कूल बंद या आंशिक रूप से बंद रहेंगेBy IANS Mon, 05 October 2026 04:30 PM

Photo: IANS

फ्रांस में छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच सोमवार को करीब 400 से 500 माध्यमिक स्कूलों में कक्षाएं पूरी तरह या आंशिक रूप से निलंबित रहने की संभावना है। देश के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से जारी प्रदर्शनों के दौरान पुलिस के साथ झड़प, स्कूलों में तोड़फोड़ और सड़कों पर हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं।

फ्रांस के शिक्षा मंत्रालय ने रविवार को कहा कि जिन स्कूलों में सुरक्षा की स्थिति सामान्य रूप से कक्षाएं संचालित करने के अनुकूल नहीं है, वहां कक्षाएं पूरी तरह या आंशिक रूप से निलंबित की जाएंगी।

शिक्षा मंत्री एडुआर जफ्रे ने फ्रांस 2 और रेडियो फ्रांस इंटर से बातचीत में कहा कि शुक्रवार को 400 से 500 स्कूलों में कक्षाएं प्रभावित हुई थीं और सोमवार को भी लगभग इतनी ही संख्या में स्कूल प्रभावित हो सकते हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि कुछ स्कूलों में धीरे-धीरे आंशिक रूप से कक्षाएं शुरू होने की संभावना है।

मंत्री के अनुसार, विरोध प्रदर्शनों से प्रभावित 735 स्कूलों में से 24 में आगजनी या तोड़फोड़ हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदर्शन शुरू होने के बाद से शिक्षा मंत्रालय के 78 कर्मचारी घायल हुए हैं।

विरोध प्रदर्शनों के दौरान फ्रांस के विभिन्न हिस्सों में कूड़ेदानों और अन्य वस्तुओं में आग लगाने, पुलिसकर्मियों पर वस्तुएं फेंकने तथा स्कूल भवनों और सार्वजनिक सुविधाओं को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं हुई हैं। कुछ स्थानों पर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस, रबर की गोलियां, डिफेंसिव बॉल लॉन्चर (LBD) और लाठियों का इस्तेमाल किया।

फ्रांस के गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने रविवार को पुलिस की कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा कि सुरक्षा बल शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखने वाले छात्रों को दबाने के बजाय उनकी सुरक्षा और निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तोड़फोड़ और हिंसा की घटनाओं से निपटने के लिए सुरक्षा बलों ने कार्रवाई की और यह कार्रवाई संबंधित अधिकारियों तथा जरूरत पड़ने पर न्यायिक व्यवस्था की निगरानी में की गई।

नुनेज ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर लगाए जा रहे कथित अत्यधिक बल प्रयोग के आरोपों को भी खारिज किया और आंतरिक सुरक्षा बलों के समर्थन में बयान दिया।

प्रदर्शन करीब दो सप्ताह पहले फ्रांस के क्रेतेई स्थित सेंट-एक्सुपेरी माध्यमिक स्कूल से शुरू हुए थे। वहां शिक्षकों की ओर से कर्मचारियों और संसाधनों की कमी को लेकर की गई हड़ताल के समर्थन में छात्रों ने प्रदर्शन किया था। इसके बाद पिछले सप्ताह आंदोलन देश के अन्य हिस्सों में भी फैल गया।

छात्र असुरक्षित और खराब स्थिति वाले स्कूल भवनों, कक्षाओं में अधिक संख्या में विद्यार्थियों और शिक्षकों की कमी के कारण प्रभावित हो रही समय-सारणी को लेकर शिकायत कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि शिक्षकों की अनुपस्थिति के कारण सभी कक्षाओं का नियमित रूप से संचालन नहीं हो पाता। कुछ छात्रों ने स्कूलों में मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर लगाए गए प्रतिबंध का भी विरोध किया है।

शुक्रवार को शिक्षा मंत्री जफ्रे ने छात्र प्रतिनिधियों से मुलाकात की थी। बैठक के बाद छात्र प्रतिनिधियों ने कहा कि उन्हें कोई ठोस कदम उठाने का आश्वासन नहीं मिला और उन्होंने अगले सप्ताह भी आंदोलन जारी रखने का आह्वान किया।