यश की ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ से गंगा के रूप में नयनतारा का दमदार फर्स्ट लुक जारीBy Admin Wed, 31 December 2025 06:30 AM









चेन्नई - निर्देशक गीतू मोहनदास की बहुप्रतीक्षित एक्शन एंटरटेनर फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ के निर्माताओं ने बुधवार को फिल्म में अभिनेत्री नयनतारा का शानदार फर्स्ट लुक जारी किया। इस लुक के साथ यह भी खुलासा किया गया कि नयनतारा फिल्म में ‘गंगा’ नामक किरदार निभा रही हैं। इस फिल्म में रॉकिंग स्टार यश मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।

यह फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

पहले लुक में नयनतारा को बेहद प्रभावशाली, खतरनाक और सशक्त अंदाज में पेश किया गया है। यह लुक यश के अब तक के सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की दुनिया में नयनतारा को एक निर्णायक शक्ति के रूप में स्थापित करता है।

गंगा के रूप में नयनतारा का चित्रण दृश्य रूप से बेहद आकर्षक है और उनकी निडरता फिल्म के विशाल पैमाने से पूरी तरह मेल खाती है। वह पूरे फ्रेम पर आत्मविश्वास के साथ छाई नजर आती हैं। हाथ में बंदूक थामे उनका अंदाज इतना सधा हुआ है कि वह एक साथ शालीन भी लगता है और घातक भी। भव्य कैसीनो प्रवेश द्वार की पृष्ठभूमि में रचा गया यह आलीशान और हाई-स्टेक्स माहौल गंगा को एक ऐसी महिला के रूप में दर्शाता है, जो माहौल पर पूरी तरह अपना नियंत्रण रखती है और अपने फैसले खुद लेती है।

नयनतारा को गंगा के रूप में कास्ट किए जाने पर निर्देशक गीतू मोहनदास ने कहा, “हम सभी नयन को एक प्रतिष्ठित स्टार के रूप में जानते हैं, जिनकी स्क्रीन प्रेजेंस बेहद प्रभावशाली है और जिनका करियर दो दशकों से अधिक का रहा है। लेकिन ‘टॉक्सिक’ में दर्शक उस प्रतिभा को देखेंगे, जो अब तक भीतर ही भीतर विस्फोट के लिए तैयार थी। मैं नयन को एक ऐसे अंदाज में दिखाना चाहती थी, जैसा उन्हें पहले कभी प्रस्तुत नहीं किया गया। शूटिंग के दौरान मुझे यह भी महसूस हुआ कि उनकी अपनी शख्सियत इस किरदार की आत्मा से कितनी गहराई से मेल खाती है। यह नकल नहीं, बल्कि एक स्वाभाविक सामंजस्य था। जो गहराई, ईमानदारी, संयम और भावनात्मक स्पष्टता वह लेकर आईं, वे अभिनय के ऊपर चढ़ाई गई परतें नहीं थीं, बल्कि उनके भीतर पहले से मौजूद गुण थे। मुझे मेरी गंगा मिल गई—बेहद खूबसूरती से उनके द्वारा निभाई गई—और उससे भी ज्यादा अनपेक्षित रूप से मुझे एक करीबी दोस्त भी मिली।”

केजीएफ: चैप्टर 2 के साथ बॉक्स ऑफिस का इतिहास रचने के बाद रॉकिंग स्टार यश एक बार फिर बड़े पर्दे पर ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ के साथ वापसी कर रहे हैं। यह प्रोजेक्ट विभिन्न फिल्म इंडस्ट्रीज में जबरदस्त उत्सुकता पैदा कर रहा है।

गौरतलब है कि फिल्म के निर्माता पहले ही बता चुके हैं कि कियारा आडवाणी फिल्म में नादिया की भूमिका निभा रही हैं, जबकि हुमा कुरैशी एक रहस्यमयी किरदार एलिज़ाबेथ के रूप में नजर आएंगी।

यश और गीतू मोहनदास द्वारा लिखी गई और गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ को कन्नड़ और अंग्रेज़ी में एक साथ फिल्माया गया है। इसके अलावा हिंदी, तेलुगु, तमिल, मलयालम सहित कई अन्य भाषाओं में इसके डब संस्करण भी तैयार किए जाएंगे, जो फिल्म की वैश्विक महत्वाकांक्षा को दर्शाता है।

फिल्म की तकनीकी टीम भी बेहद मजबूत है, जिसमें राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता राजीव रवि सिनेमैटोग्राफी संभाल रहे हैं, संगीत रवि बसरूर का है, संपादन उज्ज्वल कुलकर्णी ने किया है और प्रोडक्शन डिजाइन टीपी आबिद का है।

हाई-ऑक्टेन एक्शन दृश्यों की कोरियोग्राफी हॉलीवुड के मशहूर एक्शन डायरेक्टर जेजे पेरी (जॉन विक) के साथ-साथ राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता जोड़ी अंबरिव और केचा खाम्फाकडी ने की है। वेंकट के. नारायण और यश द्वारा केवीएन प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले निर्मित यह फिल्म 19 मार्च 2026 को ईद, उगादी और गुड़ी पड़वा के लंबे त्योहार सप्ताहांत पर भव्य रूप से सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।

 

With inputs from IANS

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement