
चाईबासा। पश्चिम सिंहभूम के सारंडा जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद चार दर्जन से ज्यादा नक्सली पुलिस की घेराबंदी मे हैं। लगभग 500 जवानों ने जंगल की घेराबंदी कर रखी है। नक्सलियों का राशन-पानी बंद है। पूरे इलाके में घेराबंदी और सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। छोटानागरा थाना क्षेत्र के बालिबा के पास चडराडेरा जंगल में हुई इस कार्रवाई के बाद सुरक्षाबलों ने बड़े पैमाने पर इलाके को चारों ओर से घेर लिया है। सैकड़ों की संख्या में तैनात जवान हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं, जिससे नक्सलियों के लिए बाहर निकलना बेहद कठिन हो गया है।
तीन दिनों से घेराबंदी, नक्सली दबाव में
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षाबलों ने सभी संभावित रास्तों को सील कर दिया है और पिछले तीन दिनों से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। घेराबंदी के चलते नक्सली भारी दबाव में आ गए हैं। भीषण गर्मी और पानी के स्रोत सूख जाने के कारण उनकी स्थिति और खराब हो गई है। बताया जा रहा है कि नक्सली पिछले तीन दिनों से भूखे-प्यासे हैं और किसी तरह कॉरिडोर के रास्ते निकलने की कोशिश कर रहे हैं।
इनामी नक्सली की मौजूदगी से ऑपरेशन अहम
जानकारी के मुताबिक, एक करोड़ का इनामी नक्सली मिसिर बेसरा भी अपने दस्ते के साथ इसी इलाके में मौजूद है, जिससे यह ऑपरेशन और महत्वपूर्ण हो गया है। सुरक्षाबलों द्वारा लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि इस अभियान से जल्द बड़ी सफलता मिल सकती है।