
रामगढ़: रामगढ़ डीसी ऋतुराज मुख्यमंत्री के गांव नेमरा में जिओ कंपनी के द्वारा मोबाइल टावर स्थापित करने के बाद पहुंचे। बताते चलें कि जिला प्रशासन के द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क से वंचित अथवा कम नेटवर्क वाले क्षेत्रों (शैडो एरिया) को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर वहां नेटवर्क कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
इसी क्रम में बुधवार को गोला प्रखंड अंतर्गत नेमरा गांव में जिओ कंपनी द्वारा मोबाइल टावर स्थापित किया गया। टावर के चालू होने के साथ ही क्षेत्र के लोगों को अब बेहतर मोबाइल नेटवर्क सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उन्हें संचार संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी। स्थानीय ग्रामीणों ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन एवं जिला प्रशासन रामगढ़ के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने नेमरा गांव का दौरा कर स्थल का निरीक्षण किया तथा आम जनों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य उपकेंद्र, नेमरा का भी निरीक्षण करते हुए वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा पूरे रामगढ़ जिले में शैडो एरिया की पहचान की जा रही है तथा आगामी तीन से चार महीनों के भीतर सभी चिन्हित स्थलों पर मोबाइल नेटवर्क कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस दिशा में जिओ एवं बीएसएनएल के अधिकारियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की गई और उन्हें कार्यों में तेजी लाने हेतु निर्देशित किया गया। जिला प्रशासन की इस पहल से डिजिटल कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार एवं विभिन्न सरकारी सेवाओं तक आम नागरिकों की पहुंच सुदृढ़ होगी।