भीषण गर्मी में राहत: रामगढ़ जिला प्रशासन ने जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर तेज की कार्रवाईBy Admin Thu, 07 May 2026 05:38 PM

राज्य सरकार के निर्देश पर बढ़ती गर्मी को देखते हुए रामगढ़ जिला प्रशासन ने शहरी और ग्रामीण इलाकों में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। लोगों को नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला स्तर पर टास्क फोर्स का गठन किया गया है, जो रोजाना जलापूर्ति योजनाओं की निगरानी और मरम्मत का काम कर रही है।

इसी कड़ी में 2 मई से 15 मई 2026 तक जिलेभर में “विशेष जल पखवाड़ा शिविर” आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत अब तक 132 जल स्रोतों की मरम्मत की जा चुकी है। इनमें 100 चापानल, 28 जल मीनार, एक पानी टैंकर और तीन अन्य जलापूर्ति योजनाएं शामिल हैं।

शहरी क्षेत्रों में पानी की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नगर परिषद रामगढ़ को कार्यकारी एजेंसी बनाया गया है। 19 जल मीनारों की मरम्मत के लिए डीएमएफटी मद से 23 लाख 38 हजार 500 रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। वहीं ग्रामीण इलाकों में 626 चापानलों की मरम्मत हेतु 92 लाख 27 हजार 240 रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

उपायुक्त श्री ऋतुराज ने मुखियाओं और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जलापूर्ति से जुड़ी समस्याओं की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाएं, ताकि उनका जल्द समाधान किया जा सके। उन्होंने लोगों से शिविरों में सक्रिय भागीदारी की भी अपील की है।

अब तक चले इस विशेष अभियान के दौरान 287 चापानलों और 166 जल मीनारों को मरम्मत के लिए चिन्हित किया गया है। इनमें से 100 चापानल और 28 जल मीनारों की मरम्मत पूरी हो चुकी है, जबकि बाकी पर काम जारी है। अब तक 45 पंचायतों और 8 नगर परिषद वार्डों में शिविर लगाए जा चुके हैं।

जलापूर्ति संबंधी शिकायतों और जानकारी के लिए जिला प्रशासन ने नियंत्रण कक्ष भी जारी किया है। संबंधित अधिकारियों से मोबाइल नंबर 8409209569, 6204213661, 6205523266 और 9798458570 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा कार्यालय दूरभाष नंबर 06553-223193 तथा नगर परिषद हेल्पलाइन 9939476661 भी जारी किया गया है।