
Operation Sindoor: पाकिस्तान के खिलाफ पिछले वर्ष चलाए गए सैन्य अभियान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर भारतीय वायुसेना ने बड़ा दावा किया है। अभियान के दौरान वायु संचालन महानिदेशक रहे वायुसेना के उप प्रमुख अवधेश कुमार भारती ने कहा कि भारतीय सेनाओं ने ऑपरेशन के तहत पाकिस्तान के 13 लड़ाकू विमान मार गिराए और उसके 11 एयरफील्ड को भारी नुकसान पहुंचाया।
जयपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एयर मार्शल भारती ने बताया कि इस ऑपरेशन के दौरान पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में मौजूद 9 आतंकवादी ठिकानों को सटीक हमलों के जरिए तबाह किया गया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना ने मिलकर पूरी रणनीति तैयार की और अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
एयर मार्शल भारती ने कहा कि भारत ने यह कार्रवाई मजबूरी में की, क्योंकि पाकिस्तान भारत की शांति की इच्छा को कमजोरी समझ रहा था। उन्होंने कहा,
“जब हमारी शांति की इच्छा को कमजोरी समझ लिया जाता है, तब कार्रवाई जरूरी हो जाती है। और जब हम कार्रवाई करते हैं, तो उसमें किसी तरह की नरमी नहीं होती। ऑपरेशन सिंदूर इसका उदाहरण है।”
उन्होंने दावा किया कि पूरे अभियान के दौरान भारतीय नागरिकों और सैन्य ठिकानों को किसी प्रकार की क्षति नहीं होने दी गई। भारतीय सेनाओं ने केवल आतंकवादी ढांचे और उनके समर्थन तंत्र को निशाना बनाया, ताकि किसी भी तरह का सहायक नुकसान (Collateral Damage) न हो।
संघर्ष विराम को लेकर उठ रहे सवालों पर एयर मार्शल ने कहा कि भारत ने अपना मिशन पूरा कर लिया था और इसके बाद पाकिस्तान की ओर से संघर्ष विराम का अनुरोध आया। उन्होंने कहा,
“हमने रुकने का फैसला किया, लेकिन कमजोरी नहीं दिखाई। हमने साफ संदेश दे दिया कि आतंकवाद और दुस्साहस की कीमत चुकानी पड़ेगी।”
एयर मार्शल भारती ने यह भी कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने भारतीय वायु शक्ति की क्षमता को दुनिया के सामने फिर से साबित कर दिया है। उनके मुताबिक इस अभियान के बाद भारत को पाकिस्तान की सैन्य रणनीति, संसाधनों और कार्यप्रणाली की प्रत्यक्ष जानकारी मिली है, जिससे भविष्य में आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई और प्रभावी होगी।
उन्होंने कहा कि अब पाकिस्तान में छिपे आतंकवादी भी चिंतित होंगे, क्योंकि भारत उनकी क्षमताओं और रणनीतियों को करीब से समझ चुका है। ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर दिए गए इस बयान को भारत की सैन्य ताकत और आतंकवाद के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।