स्कूल निरीक्षण में खुली शिक्षा व्यवस्था की पोल, डीसी ने जताई कड़ी नाराजगीBy Admin Thu, 07 May 2026 05:43 PM

रामगढ़: जिले में शिक्षा के गिरते स्तर को लेकर गंभीर चिंता जताते हुए उपायुक्त श्री ऋतुराज ने गोला प्रखंड स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय डिमरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूल की व्यवस्थाओं की सच्चाई सामने आने पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी जाहिर की और कई मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में भारी गंदगी पाई गई। साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब थी, वहीं स्कूल के अभिलेख और पंजी भी अद्यतन नहीं मिले। इस पर उपायुक्त ने संबंधित प्रभारी को फटकार लगाते हुए नियमित साफ-सफाई और रिकॉर्ड संधारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जांच में यह भी सामने आया कि स्कूल की लैब, स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं कार्यरत नहीं थीं। विद्यार्थियों की पढ़ाई और सुविधाओं पर पड़ रहे असर को देखते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा और सभी व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि केवल स्कूल में उपस्थिति दर्ज कराना पर्याप्त नहीं है, बल्कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना सबसे जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित कक्षाओं के संचालन, बेहतर शैक्षणिक माहौल और जरूरी शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कक्षा 1 से 8 तक के कई शिक्षक बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए उपायुक्त ने संबंधित 9 शिक्षकों के वेतन भुगतान पर तत्काल रोक लगाने का निर्देश दिया।

विद्यालय के रसोईघर की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। मध्याह्न भोजन व्यवस्था में सुधार और साफ-सफाई के मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश भी दिए गए।

उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी अधिकारियों और कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए नियमित निरीक्षण और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि इससे पहले भी जिले के 64 स्कूलों से खराब रिजल्ट और शैक्षणिक स्तर में गिरावट को लेकर स्पष्टीकरण मांगा जा चुका है।