रांची में नशे में वाहन चलाने वालों पर शिकंजा, दो महीने में 114 ड्राइवरों पर कार्रवाईBy Admin Mon, 11 May 2026 06:18 PM

रांची: राजधानी रांची में ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों को रोकने के लिए यातायात पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। लगातार मिल रही शिकायतों और बढ़ते सड़क हादसों के खतरे को देखते हुए शहर में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक, यातायात कार्यालय रांची द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि कई वाहन चालक शराब पीकर वाहन चला रहे थे, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही थी और दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ रही थी। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर विभिन्न यातायात थाना क्षेत्रों में विशेष टीमों का गठन कर अभियान तेज किया गया।

यातायात पुलिस के मुताबिक, पिछले दो महीनों में चलाए गए विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान कुल 4973 वाहनों की जांच की गई। इनमें 114 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़े गए। सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।

रांची यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे नशे की हालत में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करते हुए अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।