हिमंता असम के लगातार दूसरी बार मंगलवार को सीएम पद की लेंगे शपथ, पीएम मोदी समेत दर्जनों दिग्गज बनेंगे गवाह By Admin Mon, 11 May 2026 06:40 PM

गुवाहाटी : असम मे लगातार तीसरी बार एनडीए की सरकार बनने जा रही है। हिमंता बिस्व सरमा मंगलवार को लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के लिए तैयार हैं। खानपारा के पशु चिकित्सा महाविद्यालय मैदान में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय मंत्री सरबानंदा सोनोवाल और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ-साथ एनडीए के 40 से अधिक मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री उपस्थित रहने की उम्मीद है।
असम में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार
राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य सुबह 11:40 बजे हिमंता और नए मंत्रिपरिषद के सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। सरमा, जो पहली बार 2021 में मुख्यमंत्री बने थे। असम में लगातार दो कार्यकाल तक मुख्यमंत्री के रूप में कार्य करने वाले पहले गैर-कांग्रेसी नेता होंगे। भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन के 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री सरबानंदा सोनोवाल के नेतृत्व में पहली बार सत्ता में आई।
राज्य में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी
भाजपा, असम गण परिषद (एजीपी) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) से मिलकर बने एनडीए ने विधानसभा चुनावों में शानदार जीत हासिल की।  126 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटें जीतीं। भाजपा ने अकेले 82 सीटें जीतकर राज्य में पहली बार एकल-दलीय बहुमत प्राप्त किया। वहीं, एजीपी और बीपीएफ ने 10-10 सीटें जीतीं।
सरमा के साथ ही मंत्रिपरिषद के नए सदस्यों के शपथ ग्रहण करने की भी संभावना है, जिसमें गठबंधन के सभी साझेदारों का प्रतिनिधित्व होने की उम्मीद है। समारोह के बाद, सरमा की ओर से  नई सरकार की पहले 100 दिनों की प्राथमिकताओं की रूपरेखा प्रस्तुत करने की उम्मीद है, जिसमें भूमि अधिकारों और बेदखली अभियानों से संबंधित प्रतिबद्धताएं शामिल हैं। 
हिमंत ने एक्स पोस्ट पर क्या लिखा?
सोमवार को उन्होंने एक्स पोस्ट पर में लिखा, 'असम की भूमि, पहचान और भविष्य पर कोई समझौता नहीं किया जा सकता। 1.5 लाख बीघा भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के बाद, एडीए3.0 असम के लोगों के लिए 5 लाख बीघा और भूमि वापस दिलाने के दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। क्योंकि हमारे लिए जाति, माटी, भेटी सर्वोपरि हैं।'