कोकर हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तारBy Admin Sat, 13 June 2026 06:27 PM

रांची: सदर थाना क्षेत्र के गितिल कोचा, कोकर में युवक आशीष लकड़ा की हत्या मामले का रांची पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद कर लिया है। बीते 9 जून 2026 को आशीष लकड़ा (29 वर्ष) पर अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इलाज के लिए उसे रिम्स भेजा गया, जहां 10 जून को उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई बिराज लकड़ा के बयान पर सदर थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया। 

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष छापामारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का उद्भेदन किया और दो आरोपियों रिंकू बड़ाइक (24 वर्ष) तथा कार्तिक कुमार (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि खाने-पीने के दौरान हुए विवाद और धक्का-मुक्की के बाद उन्होंने आशीष लकड़ा पर चाकू से हमला कर दिया था।

पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू बरामद कर लिया है। मामले के सफल उद्भेदन में सदर डीएसपी संजीव बेसरा, थाना प्रभारी कुलदीप कुमार सहित सदर थाना की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।