भूषण बाड़ा केस में दिलीप तिर्की की हिरासत पर सस्पेंस, परिजनों की चिंता के बीच बाबूलाल ने उठाए सवाल!By Mid Time Bureau Wed, 18 November 2026 07:08 PM

सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े पॉक्सो मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। पीड़िता के दादा द्वारा पाकरटांड़ थाना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के सिलसिले में पुलिस ने आरोपी दिलीप तिर्की को हिरासत में लिया है। हालांकि, पुलिस की ओर से अब तक हिरासत या गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

इस बीच विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दिलीप तिर्की की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने लिखा कि सिमडेगा पुलिस द्वारा दिलीप तिर्की को हिरासत में लिए जाने की सूचना है, लेकिन उन्हें कहां रखा गया है, इसकी जानकारी परिजनों को नहीं दी जा रही है। इससे उनका परिवार बेहद चिंतित है।

मरांडी ने दिलीप तिर्की की बहन द्वारा जारी वीडियो का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बहन ने आशंका जताई है कि यदि उनके भाई के साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसके लिए विधायक भूषण बाड़ा और सिमडेगा पुलिस जिम्मेदार होंगे।

नेता प्रतिपक्ष ने पुलिस से मांग की है कि दिलीप तिर्की को तत्काल सुरक्षित तरीके से प्रस्तुत किया जाए और उनकी वर्तमान स्थिति स्पष्ट की जाए।

गौरतलब है कि पीड़िता के दादा ने पाकरटांड़ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए अपनी पोती के कथित अपहरण और उसे बहला-फुसलाकर गलत बयान दिलवाने का आरोप लगाया है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी है।

इसी मामले के सिलसिले में सिमडेगा पुलिस ने रांची स्थित एक निजी मीडिया चैनल के कार्यालय में भी सर्च अभियान चलाया था और कई सामान जब्त किए थे। फिलहाल दिलीप तिर्की को हिरासत में लिए जाने की आधिकारिक पुष्टि और उनकी स्थिति को लेकर पुलिस के बयान का इंतजार है।