
झारखंड के जामताड़ा जिले में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नाला प्रखंड के टेसजुरिया गांव में पुआल से लदे एक पिकअप वैन में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि वाहन गांव से गुजरते समय ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार के संपर्क में आ गया, जिसके बाद उसमें आग लग गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, ग्रामीणों की तत्परता और सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, पुआल खरीदने वाले वाहन चालक आसपास के गांवों में घूमकर किसानों से पुआल खरीदते हैं। इसी सिलसिले में एक पिकअप वैन पुआल लादकर टेसजुरिया गांव से गुजर रहा था। इसी दौरान वाहन ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार की चपेट में आ गया। तार के संपर्क में आते ही पिकअप वैन में आग लग गई और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं।
आग लगने की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों की सूझबूझ और समय रहते की गई कार्रवाई से आग पर काबू पा लिया गया। इससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
इस घटना के बाद गांवों में पुआल से लदे ओवरहाइट और ओवरलोड वाहनों के परिचालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांवों के अंदर बिजली के तार कई जगह कम ऊंचाई पर लगे हुए हैं। ऐसे में अधिक ऊंचाई तक पुआल लादकर गुजरने वाले वाहनों से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
सवाल यह भी उठ रहा है कि परिवहन विभाग और स्थानीय प्रशासन ऐसे वाहनों की ऊंचाई और लोड की जांच किस तरह कर रहे हैं? क्या ग्रामीण सड़कों पर निर्धारित मानकों से अधिक ऊंचाई वाले वाहनों के परिचालन पर निगरानी रखी जा रही है? अगर नहीं, तो इस दिशा में अब तक ठोस कदम क्यों नहीं उठाए गए?
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते ऐसे वाहनों पर नियंत्रण नहीं लगाया गया, तो भविष्य में कोई गंभीर हादसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन और परिवहन विभाग से मामले को गंभीरता से लेने और नियमों के विरुद्ध चलने वाले पुआल लदे वाहनों पर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
