झारखंड में मौसम लेगा करवट, 20 और 21 नवंबर को कई जिलों में भारी बारिश के आसारBy Mid Time Bureau Thu, 19 November 2026 01:08 PM

Ranchi: झारखंड में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। राजधानी रांची समेत राज्य के लगभग सभी जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। लेकिन मौसम का मिजाज यहीं थमने वाला नहीं है। 

पिछले 24 घंटे के आंकड़ों पर नजर डालें तो रांची के अधिकतम तापमान में 2.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 4.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, मेदिनीनगर, बोकारो और चाईबासा समेत कई जिलों के न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद के मुताबिक, अगले दो दिनों में तापमान में और गिरावट आ सकती है। इसके बाद तापमान में करीब तीन डिग्री की बढ़ोतरी होने का अनुमान है।

वहीं, आज 19 नवंबर को सुबह कोहरे के बाद कई इलाकों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। अब मौसम विभाग की नजर अगले दो दिनों पर है। 20 नवंबर को रांची, खूंटी, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रामगढ़, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो और धनबाद में भारी बारिश हो सकती है।

इसके बाद 21 नवंबर को मौसम का असर संताल परगना के जिलों में दिख सकता है। गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, 22 और 23 नवंबर से आसमान साफ होने के आसार हैं। यानी झारखंड में फिलहाल ठंड के साथ बारिश का दौर भी देखने को मिल सकता है।