ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम की घोषणाBy Admin Sat, 20 September 2025 07:22 AM









नई दिल्ली- हॉकी इंडिया ने शनिवार को आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए 23 सदस्यीय भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम की घोषणा की। यह दौरा 26 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक कैनबरा के नेशनल हॉकी सेंटर में खेला जाएगा।

भारतीय जूनियर महिला टीम इस दौरे में कुल पांच मुकाबले खेलेगी। पहले तीन मैच ऑस्ट्रेलिया जूनियर महिला टीम के खिलाफ होंगे, जबकि बाकी दो मुकाबले ऑस्ट्रेलिया की हॉकी वन लीग की क्लब टीम कैनबरा चिल से खेले जाएंगे। यह सीरीज़ दिसंबर में सैंटियागो, चिली में होने वाले एफआईएच जूनियर महिला हॉकी विश्व कप 2025 की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।

घोषित टीम में डिफेंडर, मिडफील्डर और फॉरवर्ड खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण है। टीम की कप्तानी ज्योति सिंह करेंगी, जिन्होंने इस साल की शुरुआत में एफआईएच हॉकी प्रो लीग में सीनियर टीम में भी अपना योगदान दिया था।

गोलकीपिंग की जिम्मेदारी निधि और एंगल हर्षा रानी मिन्ज को सौंपी गई है। डिफेंस में मनीषा, कप्तान ज्योति सिंह, ललथंतलुआंगी, ममिता ओराम, साक्षी शुक्ला, पूजा साहू और नंदनी होंगी। मिडफील्ड में प्रियंका यादव, साक्षी राणा, खैदेम शिलैमा चानू, रजनी केरकेट्टा, बिनीमा धान, ईशिका, सुनलिता टोप्पो और अनीशा साहू शामिल हैं। वहीं, फॉरवर्ड लाइन में लालरिनपुई, निशा मिन्ज, पूर्णिमा यादव, सोनम, कनिका सिवाच और सुखवीर कौर खेलेंगी।

टीम हाल ही में राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में अभ्यास कर रही थी और अब ऑस्ट्रेलिया में अंतरराष्ट्रीय प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ अपने खेल को परखने के लिए तैयार है। वहां उच्चस्तरीय प्रतिस्पर्धा का सामना करना खिलाड़ियों के आत्मविश्वास और कौशल दोनों को और मजबूत करेगा।

टीम चयन पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम के कोच तुषार खंडेकर ने कहा, “यह युवा खिलाड़ियों का प्रतिभाशाली समूह है, जिन्होंने प्रशिक्षण में कड़ी मेहनत की है। हमने टीम में सभी विभागों में संतुलन बनाने की कोशिश की है। भले ही ये खिलाड़ी युवा हैं, लेकिन अपने उम्र के हिसाब से काफी अनुभवी हैं और एक साथ अच्छा खेल रही हैं। ऑस्ट्रेलिया दौरा इनके लिए अपनी क्षमता दिखाने और बहुमूल्य अंतरराष्ट्रीय अनुभव हासिल करने का शानदार अवसर होगा।”

भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम (ऑस्ट्रेलिया दौरा 2025):

गोलकीपर: निधि, एंगल हर्षा रानी मिन्ज
डिफेंडर: मनीषा, ज्योति सिंह (कप्तान), ललथंतलुआंगी, ममिता ओराम, साक्षी शुक्ला, पूजा साहू, नंदनी
मिडफील्डर: प्रियंका यादव, साक्षी राणा, खैदेम शिलैमा चानू, रजनी केरकेट्टा, बिनीमा धान, ईशिका, सुनलिता टोप्पो, अनीशा साहू
फॉरवर्ड: लालरिनपुई, निशा मिन्ज, पूर्णिमा यादव, सोनम, कनिका सिवाच, सुखवीर कौर

 

With inputs from IANS

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement