ISSF विश्व चैंपियनशिप: मनु भाकर और ईशा सिंह 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में चूकीं, भारत को टीम इवेंट में रजत पदकBy Admin Tue, 11 November 2025 08:23 AM









काहिरा (मिस्र) — भारत की शीर्ष निशानेबाज मनु भाकर और ईशा सिंह को सोमवार को काहिरा में जारी अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (ISSF) विश्व चैंपियनशिप राइफल/पिस्टल में महिला 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में निराशा झेलनी पड़ी। दोनों ने शानदार शुरुआत के बावजूद व्यक्तिगत पदक से हाथ धो बैठीं।

डबल ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर, जिन्होंने पेरिस ओलंपिक में व्यक्तिगत और मिश्रित टीम वर्ग में दो कांस्य पदक जीते थे, फाइनल के शुरुआती दौर में बढ़त पर थीं। हालांकि, 14वीं शॉट में 8.8 का स्कोर आने से वे शीर्ष स्थान से सीधे सातवें स्थान पर खिसक गईं। उन्होंने कुल 139.5 अंक के साथ प्रतियोगिता समाप्त की।

ईशा सिंह, जिन्होंने हाल ही में निंगबो (चीन) में विश्व कप में स्वर्ण जीता था और एशियाई खेलों में भी कई पदक अपने नाम किए हैं, निर्णायक चरण में फिसल गईं। 20 वर्षीय ईशा ने 13वीं शॉट में 10.7 लगाई थी, लेकिन 14वीं शॉट में 8.4 मार बैठीं और आठ फाइनलिस्टों में छठे स्थान पर रहीं।

चीन की याओ कियानशुन (20 वर्ष) ने शानदार संयम दिखाते हुए 243.0 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता। हांगकांग-चीन की हो चिंग शिंग ने 241.2 अंक लेकर रजत पदक और चीन की वेई कियान ने 221.4 अंक के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

हालांकि व्यक्तिगत इवेंट में निराशा के बावजूद भारत ने टीम इवेंट में रजत पदक जीता। ईशा (583), मनु (580) और विश्व नंबर-1 सुरुचि इंदर सिंह (577) के संयुक्त 1740 अंकों ने भारत को दूसरा स्थान दिलाया, जबकि चीन ने स्वर्ण पदक जीता।

दोनों भारतीय शूटरों ने क्वालिफिकेशन राउंड में प्रभावशाली प्रदर्शन किया था। ईशा सिंह ने 583 अंक के साथ चौथा स्थान हासिल किया था, जिसमें तीसरी सीरीज़ में उन्होंने 100 का परफेक्ट स्कोर किया। मनु भाकर ने 580 अंक के साथ छठा स्थान पाया।

फाइनल में मनु ने 13वीं शॉट पर 10.7 लगाकर बढ़त हासिल कर ली थी, लेकिन अगली शॉट में 8.8 ने उनकी उम्मीदों को झटका दे दिया। वहीं 19 वर्षीय सुरुचि इंदर सिंह, जिन्होंने इस वर्ष चार विश्व कप स्वर्ण पदक जीते हैं, ने 577 अंक के साथ 99 शूटरों के बीच 14वां स्थान हासिल किया।

कुल मिलाकर भारत के अब तक 1 स्वर्ण, 3 रजत और 2 कांस्य पदक हो चुके हैं। पदक तालिका में भारत पांचवें स्थान पर है, जबकि चीन 6 स्वर्ण, 3 रजत और 2 कांस्य पदकों के साथ शीर्ष पर बना हुआ है।

 

With inputs from IANS

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement