Men's Jr World Cup 2025: अजेय भारत ने स्विट्ज़रलैंड को 5-0 से हराया, अब क्वार्टरफाइनल में बेल्जियम से मुकाबलाBy Admin Wed, 03 December 2025 05:47 AM









चेन्नई- भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने अपने शानदार अजेय प्रदर्शन के दम पर FIH हॉकी मेंस जूनियर वर्ल्ड कप तमिलनाडु 2025 के क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है। मंगलवार को मदुरै इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने स्विट्ज़रलैंड को 5-0 से करारी शिकस्त दी। रोहित की कप्तानी और पी.आर. श्रीजेश की कोचिंग में खेल रही यह टीम अब 5 दिसंबर को बेल्जियम से भिड़ेगी।

स्विट्ज़रलैंड की टीम भारतीय खिलाड़ियों के अनुभव और दबदबे के सामने टिक नहीं पाई। गोलों का सिलसिला मैच की दूसरी ही मिनट में शुरू हो गया, जब जन्मदिन मना रहे मनमीत सिंह ने पहला गोल दागा। उन्होंने 11वें मिनट में एक और शानदार फील्ड गोल करते हुए बढ़त को 2-0 कर दिया। इसके बाद 13वें मिनट में शारदा नंद तिवारी ने बेहतरीन पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 3-0 कर दिया।

यह वही तेज शुरुआत थी जिसकी भारत को जरूरत थी, और उन्होंने अपने खेल से मदुरै के दर्शकों का दिल जीत लिया, जो चक्रवाती मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में पहुंचे थे। पिछले मैच में ओमान के खिलाफ हैट्रिक लगाने वाले अरशदीप सिंह ने 28वें मिनट में भारत का चौथा गोल किया। वहीं गोलकीपर प्रिंस दीप सिंह ने कई शानदार बचाव कर स्विट्ज़रलैंड को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया।

भारत का खेल बेहद प्रभावशाली और संतुलित रहा, और टीम ने चौथे क्वार्टर में भी अपना दबदबा बनाए रखा। शारदा नंद, जिन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, ने 54वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर भारत की जीत को 5-0 पर सील कर दिया। इसके बाद स्विट्ज़रलैंड के पास मैच में वापसी की कोई गुंजाइश नहीं बची।

यह भारत की लगातार तीसरी बड़ी जीत है। इससे पहले टीम चिली को 7-0 और ओमान को 17-0 से हराकर नॉकआउट में पहुंची थी।

भारत अब 5 दिसंबर को चेन्नई में क्वार्टरफाइनल खेलेगा।

अन्य मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया ने कोरिया को 3-1 से हराया, इंग्लैंड ने मलेशिया को 3-1 से शिकस्त दी। फ्रांस ने बांग्लादेश को 3-2 से हराया, नीदरलैंड्स ने ऑस्ट्रिया को 11-0 से रौंदा। चिली ने ओमान को 2-0 से हराया, बेल्जियम ने मिस्र को 10-0 से मात दी, जबकि स्पेन ने नामीबिया को 13-0 से हराया।

 

With inputs from IANS

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement