दीप्ति शीर्ष पर कायम; शेफाली, ऋचा और रेणुका ने टी20आई रैंकिंग में लगाई लंबी छलांगBy Admin Tue, 30 December 2025 09:01 AM









दुबई- भारत की सलामी बल्लेबाज़ शेफाली वर्मा की हालिया शानदार वापसी को श्रीलंका के खिलाफ जारी टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में उनके बेहतरीन प्रदर्शन से और मजबूती मिली है। ताज़ा महिला टी20आई बल्लेबाज़ रैंकिंग में शेफाली चार स्थान की छलांग लगाते हुए छठे पायदान पर पहुंच गई हैं।

युवा भारतीय स्टार अब उस शीर्ष स्थान के और करीब पहुंच गई हैं, जिसे उन्होंने 2020 में हासिल किया था। वह मिताली राज के बाद टी20आई क्रिकेट में नंबर एक रैंकिंग तक पहुंचने वाली दूसरी भारतीय खिलाड़ी बनी थीं।

पिछले महीने आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप फाइनल में शानदार प्रदर्शन के बाद शेफाली ने अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म दोबारा हासिल की है। फाइनल में उन्होंने 87 रन बनाए और दो विकेट भी झटके, जिससे भारत को पहली बार 50 ओवर का विश्व कप खिताब दिलाने में निर्णायक भूमिका निभाई।

उनकी यही लय टी20 प्रारूप में भी जारी है। श्रीलंका के खिलाफ मौजूदा श्रृंखला में शेफाली ने तीन अर्धशतक जड़े हैं और वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज़ बनी हुई हैं।

अब वह शीर्ष रैंक वाली ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ बेथ मूनी से महज 60 रेटिंग अंकों पीछे हैं, जो टी20आई क्रिकेट में उनके बढ़ते वर्चस्व को दर्शाता है।

भारत की एक और बल्लेबाज़ ऋचा घोष ने भी टी20आई बल्लेबाज़ रैंकिंग में उल्लेखनीय प्रगति की है। 22 वर्षीय ऋचा सात स्थान ऊपर चढ़कर 20वें स्थान पर पहुंच गई हैं। श्रीलंका के खिलाफ श्रृंखला के चौथे मैच में नाबाद 40 रन की मैच जिताऊ पारी का उन्हें सीधा लाभ मिला।

गेंदबाज़ी रैंकिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है। श्रृंखला के तीसरे मैच में चार विकेट लेने वाली रेणुका सिंह आठ स्थान की छलांग लगाकर शीर्ष छह गेंदबाज़ों में शामिल हो गई हैं।

बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरानी ने 17 स्थान का सुधार करते हुए 52वां स्थान हासिल किया है, जबकि वैष्णवी शर्मा ने अपने पदार्पण अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में 390 स्थान की असाधारण छलांग लगाकर 124वां स्थान प्राप्त किया है।

इस बीच, दीप्ति शर्मा टी20आई गेंदबाज़ों में अपना शीर्ष स्थान बनाए हुए हैं, जबकि वेस्टइंडीज की हेले मैथ्यूज़ टी20आई ऑलराउंडरों की रैंकिंग में मजबूत बढ़त के साथ पहले स्थान पर बनी हुई हैं।

श्रीलंका की ओर से बाएं हाथ की ओपनर हसीनी परेरा ने श्रृंखला में ठोस प्रदर्शन के दम पर 114 स्थान की छलांग लगाते हुए बल्लेबाज़ रैंकिंग में 71वां स्थान हासिल किया है, वहीं काविशा दिलहारी मामूली सुधार के साथ 79वें स्थान पर पहुंची हैं।

पांच मैचों की श्रृंखला में भारत के 4-0 की अजेय बढ़त लेने और मंगलवार को क्लीन स्वीप के लक्ष्य के साथ उतरने के बीच, ताज़ा रैंकिंग भारतीय टीम के दबदबे को स्पष्ट रूप से दर्शाती है, जहां बल्लेबाज़ और गेंदबाज़ दोनों लगातार ऊपर चढ़ रहे हैं।

 

With inputs from IANS

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement