WTT यूथ कंटेंडर्स 2026: वत्सल डुकलान और हंसिनी मथान ने शीर्ष वरीय खिलाड़ियों को हराकर क्वार्टरफाइनल में बनाई जगहBy Admin Sat, 03 January 2026 04:41 AM









वडोदरा — WTT यूथ कंटेंडर्स 2026 में शुक्रवार को खेले गए मुकाबलों में दिन के सबसे बड़े उलटफेर देखने को मिले। लड़कों के अंडर-17 और लड़कियों के अंडर-17 वर्ग में क्रमशः वत्सल डुकलान और हंसिनी मथान ने शीर्ष वरीय खिलाड़ियों को पराजित करते हुए वडोदरा के सामा इंडोर स्टेडियम में क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया।

लड़कों के अंडर-17 एकल प्री-क्वार्टरफाइनल में वत्सल डुकलान ने शीर्ष वरीय रित्विक गुप्ता को रोमांचक मुकाबले में 4-11, 11-5, 11-7, 18-16 से शिकस्त दी। इसके बाद लड़कियों के अंडर-17 एकल राउंड ऑफ 16 में हंसिनी मथान ने 1-2 से पिछड़ने के बावजूद शानदार वापसी करते हुए गत चैंपियन दिव्यांशी भोमिक को 5-11, 11-9, 9-11, 11-7, 11-4 से हराया।

लड़कों के अंडर-17 एकल में दूसरे वरीय आदित्य दास भी दूसरे दौर में बाहर हो गए। उन्हें सोहम मुखर्जी ने पराजित किया, जिन्होंने आगे राउंड ऑफ 16 में ऋषिकेश जगताप को 8-11, 11-5, 11-9, 10-12, 11-7 से मात दी।

स्थानीय खिलाड़ी वेद पांचाल प्री-क्वार्टरफाइनल तक पहुंचे, लेकिन वहां साहिल रावत के खिलाफ 11-3, 11-4, 11-3 से हारकर बाहर हो गए।

भारत में WTT यूथ कंटेंडर के दूसरे संस्करण की शुरुआत शुक्रवार को अंडर-13 और अंडर-17 लड़कों व लड़कियों के एकल मुकाबलों से हुई। इसके बाद अंडर-11, अंडर-15 और अंडर-19 वर्ग की प्रतियोगिताएं खेली जाएंगी।

लड़कियों के अंडर-17 वर्ग में अन्य शीर्ष खिलाड़ियों को कोई परेशानी नहीं हुई। जापान की दूसरी वरीय मिकु मात्सुशिमा और भारत की सिंड्रेला दास ने आसानी से क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई। राउंड ऑफ 16 में मिकु ने सुकृति शर्मा को 11-7, 11-2, 11-6 से हराया, जबकि सिंड्रेला ने इंदिरा सेन को 11-6, 11-6, 9-11, 11-6 से मात दी।

इसके अलावा उभरती हुई खिलाड़ी नैशा रेवास्कर और तनिष्का कालभैरव भी अंतिम आठ में पहुंचीं। नैशा ने आरोही रॉय को 11-5, 11-3, 11-7 से हराया, जबकि तनिष्का ने एक गेम से पिछड़ने के बाद अंकोलिका चक्रवर्ती को 5-11, 11-8, 11-9, 12-10 से पराजित किया। अब सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए दोनों आमने-सामने होंगी।

इससे पहले शुक्रवार को ग्रुप चरण में गत चैंपियन दिव्यांशी भोमिक, सिंड्रेला दास, जापान की मिकु मात्सुशिमा और उभरती स्टार तनिष्का कालभैरव ने अपने-अपने मुकाबलों में सहज जीत दर्ज कर अभियान की मजबूत शुरुआत की।

पिछले वर्ष अंडर-15 और अंडर-17 दोनों खिताब जीतने वाली दिव्यांशी ने ग्रुप-1 के शुरुआती मुकाबले में नीजा कामत को 11-4, 11-1, 11-2 से हराया। वहीं ग्रुप-3 में सिंड्रेला दास ने तानिया कर्माकर को 11-6, 11-6, 11-2 से मात दी।

जापान की मिकु मात्सुशिमा ने ग्रुप-2 में स्वरा कर्माकर को 11-3, 11-4, 11-2 से हराने के बाद अन्वी गुप्ते को 11-6, 11-3, 11-8 से पराजित कर नॉकआउट चरण की ओर मजबूत कदम बढ़ाए।

 

With inputs from IANS

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement