चैंपियंस लीग: आर्सेनल ने मिलान के खिलाफ जीत से टॉप-8 स्थान पक्का किया, स्पर्स ने डॉर्टमुंड को हरायाBy Admin Wed, 21 January 2026 06:09 AM









लंदन- गैब्रियल जीसस के नवंबर 2023 के बाद पहले चैंपियंस लीग गोलों की बदौलत आर्सेनल ने इंटर मिलान को 3-1 से हराकर लगातार आठवीं जीत दर्ज की और इस सीज़न की चैंपियंस लीग में शीर्ष दो में स्थान पक्का कर लिया।

जीसस ने पहले हाफ में बॉक्स के अंदर से दो गोल किए। इसके बाद पेतार सुचिच ने जोरदार बराबरी का गोल दागा, जबकि ब्रेक से पहले आर्सेनल के गोलकीपर डेविड राया ने इंटर के फेडेरिको डिमार्को के दो प्रयासों पर शानदार डबल सेव किया।

दूसरे हाफ में मुकाबला काफ़ी तेज़ रहा और अंतिम छह मिनट शेष रहते सब्स्टीट्यूट विक्टर ग्योकेरेस ने शानदार कर्लिंग शॉट से गोल कर आर्सेनल की जीत सुनिश्चित की। इस हार के साथ इंटर को लीग चरण में लगातार तीसरी शिकस्त झेलनी पड़ी।

इस जीत के साथ आर्सेनल ने यूरोप की शीर्ष क्लब प्रतियोगिता में अपनी अब तक की सबसे लंबी जीत की लय कायम की। टीम अब तालिका में दूसरे स्थान से नीचे नहीं गिरेगी, जिससे उसे अंतिम-16 में सीधे प्रवेश के साथ नॉकआउट चरण के दूसरे लेग में घरेलू मैदान का लाभ भी मिलेगा।

वहीं, टोटेनहम हॉटस्पर ने डॉर्टमुंड को 2-0 से हराकर शीर्ष-आठ में जगह बनाने की अपनी संभावनाओं को मजबूत किया।

घरेलू टीम ने आक्रामक शुरुआत की और क्रिस्टियन रोमेरो ने विल्सन ओडोबर्ट के लो क्रॉस को गोल में बदलकर बढ़त दिलाई। इसके बाद डैनियल स्वेन्सन को रेड कार्ड दिखाया गया और जल्द ही डोमिनिक सोलांके ने चोट से वापसी करते हुए दूसरा गोल दाग दिया।

दूसरे हाफ में स्पर्स ने अपनी 2-0 की बढ़त को आत्मविश्वास के साथ बनाए रखा और बढ़त बढ़ाने के भी मौके बने, जिनमें ज़ावी सिमोंस को कुछ अच्छे अवसर मिले।

अन्य मुकाबलों में मैनचेस्टर सिटी को बोडो/ग्लिम्ट के खिलाफ 3-1 की हार का सामना करना पड़ा, जिससे चैंपियंस लीग में शीर्ष-आठ में रहने की उनकी उम्मीदों को झटका लगा।

नॉर्वे की टीम बोडो/ग्लिम्ट के स्ट्राइकर कास्पर होघ ने पहले हाफ के शुरुआती दो मिनटों में ही दो गोल दागकर काउंटर-अटैक पर सिटी को चौंका दिया और ऐतिहासिक जीत की नींव रखी।

इसके बाद जेंस पेटर हाउगे ने शानदार कर्लिंग शॉट से तीसरा गोल किया, जबकि सिटी की ओर से रायन चेर्की ने बॉक्स के बाहर से एक गोल लौटाया।

हालांकि, सिटी की वापसी की उम्मीदों को तब बड़ा झटका लगा जब रोड्री को दो त्वरित येलो कार्ड मिलने के बाद रेड कार्ड दिखाया गया।

जल्दी किक-ऑफ के कारण सिटी फिलहाल शीर्ष-आठ में बनी हुई है, लेकिन मैचडे सात के बाकी मुकाबलों के बाद यह स्थिति खतरे में पड़ सकती है।

यदि सिटी को प्ले-ऑफ से बचने की उम्मीद बनाए रखनी है, तो गैलाटासारे के खिलाफ जीत बेहद जरूरी होगी।

 

With inputs from IANS

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement