बुडापेस्ट ओपन: सेंथिलकुमार और चोत्रानी सेमीफाइनल में, अब होगी भारतीय भिड़ंतBy IANS Fri, 28 August 2026 10:54 AM

Photo: IANS

भारत के वेलावन सेंथिलकुमार और वीर चोत्रानी ने बुडापेस्ट ओपन स्क्वैश टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। अब दोनों भारतीय खिलाड़ियों के बीच फाइनल में पहुंचने के लिए मुकाबला होगा।

आठवीं वरीयता प्राप्त और विश्व रैंकिंग में 54वें स्थान पर काबिज सेंथिलकुमार ने बड़ा उलटफेर करते हुए शीर्ष वरीयता प्राप्त मलेशिया के एइन योव एनजी को सीधे तीन गेम में 11-2, 11-9, 11-8 से हराया। दुनिया के 18वें नंबर के खिलाड़ी एनजी के खिलाफ सेंथिलकुमार ने 53 मिनट में जीत दर्ज की।

सेंथिलकुमार ने पहले गेम में 2-2 की बराबरी के बाद लगातार नौ अंक हासिल किए। दूसरे गेम में एनजी ने चुनौती पेश की, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने 11-9 से गेम जीतकर बढ़त बना ली। तीसरे गेम में भी उन्होंने 11-8 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल का टिकट कटाया।

तीसरी वरीयता प्राप्त वीर चोत्रानी ने भी मिस्र के छठी वरीयता प्राप्त मोहम्मद एलशेरबिनी को 14-12, 12-14, 11-6, 11-8 से हराया। दुनिया के 38वें नंबर के चोत्रानी ने 63 मिनट चले मुकाबले में जीत हासिल की।

चोत्रानी ने इससे पहले प्री-क्वार्टरफाइनल में पुर्तगाल के रूई सोरेस को चार गेम में हराया था, जबकि सेंथिलकुमार ने जर्मनी के राफेल कांद्रा को मात देकर अंतिम आठ में जगह बनाई थी।

दूसरे सेमीफाइनल में मिस्र के मुस्तफा एलसर्ती का सामना मेजबान हंगरी के बालाज फर्खास से होगा। फर्खास ने जापान के रयूनोसुके त्सुकुए को 11-9, 11-6, 11-2 से हराकर पहली बार टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

बुडापेस्ट ओपन 43,500 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि वाला PSA Copper टूर्नामेंट है। खास बात यह है कि चारों सेमीफाइनलिस्ट इस सप्ताह अपने पहले वर्ल्ड इवेंट्स खिताब की तलाश में हैं।
 

ADVERTISEMENT
Advertisement