रांची के ईशान ओम का इंडिया अंडर-19 टीम में चयन, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मल्टी-डे सीरीज में दिखाएंगे दम By Mid Time Bureau Fri, 28 August 2026 11:47 AM

रांची के युवा क्रिकेटर ईशान ओम ने शहर का नाम एक बार फिर राष्ट्रीय क्रिकेट के मंच तक पहुंचाया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 18 सितंबर से शुरू होने वाली अंडर-19 सीरीज के लिए घोषित भारतीय टीम में रांची के ईशान ओम को जगह मिली है। उन्हें मल्टी-डे सीरीज के लिए चुना गया है।ईशान रांची के रातू रोड इलाके के रहने वाले हैं और गेंदबाजी ऑलराउंडर के तौर पर खेलते हैं। फिलहाल वह तमिलनाडु में अभ्यास कर रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की अंडर-19 टीम तीन वनडे और दो मल्टी-डे मुकाबले खेलेगी।

ईशान के चयन की खबर के बाद रांची जिला क्रिकेट संघ में खुशी का माहौल है। संघ से जुड़े पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने इसे रांची के क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है। ईशान ने लगातार मेहनत और अपने प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय स्तर की टीम में जगह बनाई है।

रांची जिला क्रिकेट संघ के कार्यकारी सचिव शम्भु शरण सिन्हा ने ईशान को बधाई देते हुए कहा कि उनका भारतीय अंडर-19 टीम में चयन शहर के दूसरे युवा क्रिकेटरों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ईशान आगे भी शानदार प्रदर्शन करते हुए रांची और झारखंड का नाम रोशन करेंगे।

संघ के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष समेत सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने ईशान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मल्टी-डे मुकाबलों में ईशान के प्रदर्शन पर रांची के क्रिकेट प्रेमियों की नजर रहेगी।

ADVERTISEMENT
Advertisement