राष्ट्रीय खेल नीति भारत की वैश्विक खेल महाशक्ति बनने की महत्वाकांक्षा को दर्शाती है: महेश भूपतिBy Admin Wed, 02 July 2025 11:01 AM









नई दिल्ली- भारत के पूर्व ग्रैंड स्लैम विजेता महेश भूपति ने केंद्र सरकार द्वारा मंजूरी दी गई नई राष्ट्रीय खेल नीति 2025 की सराहना करते हुए कहा कि यह नीति ना सिर्फ भारत के ओलंपिक रोडमैप को मज़बूत करती है, बल्कि पैडल जैसे उभरते खेलों के लिए भी नए अवसर खोलती है और लीग प्रारूप को बढ़ावा देती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंगलवार को राष्ट्रीय खेल नीति 2025 को मंजूरी दी, जिसका उद्देश्य देश के खेल ढांचे को नया आकार देना और खेलों के माध्यम से नागरिकों को सशक्त बनाना है।

महेश भूपति ने कहा, "राष्ट्रीय खेल नीति 2025 भारत की यह बढ़ती महत्वाकांक्षा दिखाती है कि हम दुनिया में एक खेल महाशक्ति के रूप में पहचाने जाएं। सबसे उत्साहित करने वाली बात यह है कि यह नीति केवल परंपरागत खेलों पर केंद्रित नहीं है, बल्कि पैडल जैसे नए और उभरते खेलों के लिए भी मंच तैयार करती है।"

भूपति, जो वर्ल्ड पैडल लीग के सह-संस्थापक भी हैं, ने कहा, "प्रतिस्पर्धात्मक लीग का विकास, ग्रामीण और शहरी इलाकों में खेल अधोसंरचना का निर्माण और निजी क्षेत्र की भागीदारी को बढ़ावा देना — यही वे पहलू हैं जो पैडल जैसे खेलों को भारत में आगे बढ़ने में मदद करेंगे।"

नई नीति मौजूदा राष्ट्रीय खेल नीति 2001 का स्थान लेती है और भारत को वैश्विक खेल महाशक्ति बनाने के लिए एक दूरदर्शी और रणनीतिक रोडमैप प्रस्तुत करती है। इस नीति के जरिए भारत को 2036 ओलंपिक सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में मजबूत दावेदार के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य है।

भूपति ने आगे कहा, "यह भारत के खेल जगत का नया अध्याय है, जो भागीदारी, निवेश और वैश्विक उत्कृष्टता को बढ़ावा देगा। हम भी इस यात्रा का हिस्सा बनने को लेकर उत्साहित हैं, खासकर वर्ल्ड पैडल लीग को भारत में लाकर और पैडल को मुख्यधारा का खेल बनाने के प्रयासों के जरिए। भारत के खेल क्षितिज के विस्तार के साथ ही भविष्य में कई और खेल उपलब्धियां हमारी प्रतीक्षा कर रही हैं।"

महेश भूपति, जो युगल में विश्व नंबर-1 टेनिस खिलाड़ी रह चुके हैं, ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी हैं। उन्होंने जापान की रिका हिराकी के साथ मिलकर फ्रेंच ओपन का मिक्स्ड डबल्स खिताब जीतकर यह इतिहास रचा था। इसके बाद उन्होंने चार पुरुष युगल और सात अन्य मिक्स्ड डबल्स ग्रैंड स्लैम खिताब अपने नाम किए।

 

With inputs from IANS

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement