डिवीजन आधारित फॉर्मेट में राष्ट्रीय सब-जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप की तैयारी पूरीBy Admin Thu, 03 July 2025 07:02 AM









नई दिल्ली- 15वीं हॉकी इंडिया सब-जूनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025 का आयोजन 3 जुलाई से झारखंड की राजधानी रांची के मारंग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में शुरू होगा। यह टूर्नामेंट 14 जुलाई तक चलेगा और इसमें पहली बार डिवीजन आधारित नया फॉर्मेट अपनाया गया है, जिसे इस साल की सीनियर पुरुष और महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भी लागू किया गया था।

इस साल की चैंपियनशिप में कुल 28 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें तीन डिवीजनों — डिवीजन ए, डिवीजन बी और डिवीजन सी — में बांटा गया है। इस बार टूर्नामेंट में पदोन्नति (प्रमोशन) और अवनति (रेलीगेशन) की व्यवस्था से मुकाबले और रोमांचक बनेंगे।

डिवीजन ए में देश की शीर्ष 12 टीमें शामिल हैं, जिनमें गत विजेता हॉकी झारखंड और उपविजेता हॉकी मध्य प्रदेश मुख्य दावेदार हैं। डिवीजन बी और डिवीजन सी में उभरती टीमों को बेहतर प्रदर्शन कर ऊपरी डिवीजन में पहुंचने का अवसर मिलेगा।

हर टीम अपने पूल में राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में मुकाबले खेलेगी। हर पूल से शीर्ष दो टीमें क्वार्टर फाइनल (11 जुलाई) में पहुंचेंगी, इसके बाद सेमीफाइनल (12 जुलाई) और फाइनल व तीसरे स्थान का मुकाबला (14 जुलाई) खेला जाएगा। डिवीजन ए की सबसे निचली दो टीमें अगले साल डिवीजन बी में चली जाएंगी।

डिवीजन ए के क्लासिफिकेशन मुकाबलों में यदि निर्धारित समय के बाद मैच ड्रॉ रहता है तो एफआईएच टूर्नामेंट नियमों के अनुसार शूट-आउट के ज़रिए विजेता तय किया जाएगा।

डिवीजन बी और डिवीजन सी में केवल लीग फॉर्मेट रहेगा। यहां शीर्ष दो टीमें ऊपरी डिवीजन में प्रोमोट की जाएंगी।

सभी डिवीजनों में जीत पर 3 अंक, ड्रॉ पर 1 अंक और हार पर कोई अंक नहीं मिलेगा।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की ने कहा, "डिवीजन आधारित फॉर्मेट ने हमारी घरेलू प्रतियोगिताओं में नई ऊर्जा और प्रतिस्पर्धा का माहौल बनाया है। सब-जूनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप भारत में जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को निखारने का बेहद अहम मंच है। रांची जैसी हॉकी की मजबूत परंपरा वाली जगह पर इसका आयोजन इसे और खास बनाता है। हम युवा खिलाड़ियों से बेहतरीन प्रदर्शन देखने की उम्मीद कर रहे हैं, जो भारतीय हॉकी का भविष्य हैं।"

हॉकी इंडिया के महासचिव श्री भोला नाथ सिंह ने कहा, "नए ढांचे ने हर टीम के लिए लक्ष्य स्पष्ट कर दिया है — चाहे वह चैंपियनशिप जीतना हो, प्रमोशन पाना हो या अवनति से बचना। इससे हर स्तर पर रोमांच बना रहता है। हम ऐसी प्रतियोगिताओं के ज़रिए देशभर की युवा लड़कियों को समान अवसर और मंच देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। रांची एक और यादगार आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है।"

राष्ट्रीय फॉर्मेट और टीम समूह:

डिवीजन ए (शीर्ष स्तर की चैंपियनशिप डिवीजन) — विजेता का फैसला, दो टीमें डिवीजन बी में जाएंगी।

  • पूल ए: हॉकी झारखंड, हॉकी हरियाणा, हॉकी आंध्र प्रदेश

  • पूल बी: हॉकी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश हॉकी, हॉकी चंडीगढ़

  • पूल सी: हॉकी ओडिशा, हॉकी महाराष्ट्र, हॉकी पंजाब

  • पूल डी: हॉकी मिजोरम, दिल्ली हॉकी, हॉकी बिहार एसोसिएशन

डिवीजन बी (मध्य स्तर की डिवीजन) — शीर्ष टीमें डिवीजन ए में जाएंगी, नीचे की दो टीमें डिवीजन सी में जाएंगी।

  • पूल ए: हॉकी कर्नाटक, मणिपुर हॉकी, हॉकी उत्तराखंड, केरल हॉकी, दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव हॉकी

  • पूल बी: हॉकी गुजरात, छत्तीसगढ़ हॉकी, तमिलनाडु हॉकी यूनिट, हॉकी बंगाल

डिवीजन सी (प्रारंभिक स्तर की डिवीजन) — शीर्ष टीमें डिवीजन बी में जाएंगी।

  • पूल ए: हॉकी राजस्थान, ले पुडुचेरी हॉकी, हॉकी हिमाचल

  • पूल बी: असम हॉकी, तेलंगाना हॉकी, हॉकी जम्मू एवं कश्मीर, गोवा हॉकी

 

With inputs from IANS

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement