
झारखंड के ग्रामीण इलाकों में सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के लिए 12,500 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। VB-G RAM G योजना के तहत राज्य के सभी 24 जिलों में जीएसबी (ग्रेन्युलर सब-बेस) सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के नेतृत्व में इस दिशा में पहल की जा रही है।
इस योजना का मुख्य उद्देश्य उन ग्रामीण बसावटों को सड़क सुविधा से जोड़ना है, जो अब तक मुख्य सड़क मार्ग से दूर हैं या प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत स्वीकृत नहीं हो पाई हैं। इसके लिए ऐसे गांवों को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां बेहतर सड़क संपर्क की जरूरत है।
प्रस्तावित निर्माण से दूरदराज के ग्रामीण इलाकों में आवागमन आसान होने के साथ लोगों की बाजार, रोजगार और जरूरी सेवाओं तक पहुंच भी बेहतर होने की उम्मीद है।
सभी 24 जिलों में तय किया गया सड़क निर्माण का लक्ष्य
VB-G RAM G के तहत जिलों के लिए अलग-अलग लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। पूर्वी सिंहभूम में सबसे अधिक 1,400 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद पलामू में 1,100 किलोमीटर, गढ़वा में 1,000 किलोमीटर, चतरा में 850 किलोमीटर और लातेहार में 800 किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी।
वहीं, पश्चिमी सिंहभूम में 750 किलोमीटर और हजारीबाग में 700 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य है। बोकारो और गोड्डा में 600-600 किलोमीटर, जबकि लोहरदगा और सिमडेगा में 500-500 किलोमीटर सड़क बनाने की योजना है।
देवघर, खूंटी, जामताड़ा और सरायकेला-खरसावां में 400-400 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। रांची और पाकुड़ में 300-300 किलोमीटर, गुमला और गिरिडीह में 350-350 किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी।
इसके अलावा दुमका और धनबाद में 200-200 किलोमीटर, साहिबगंज और कोडरमा में 150-150 किलोमीटर तथा रामगढ़ में 100 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य रखा गया है।
किसानों और ग्रामीण परिवारों को मिलेगा फायदा
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सड़कों का नेटवर्क मजबूत होने से किसानों को अपनी उपज, सब्जियां, फल और लघु वनोपज बाजार तक पहुंचाने में सहूलियत होगी। इससे परिवहन खर्च और यात्रा में लगने वाला समय भी कम होगा। साथ ही ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने कहा कि 12,500 किलोमीटर जीएसबी सड़कों के निर्माण का लक्ष्य उन गांवों तक विकास की सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में अहम कदम है, जो अब तक बेहतर सड़क संपर्क से वंचित हैं।
मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सड़क निर्माण के दौरान गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि सड़कों का निर्माण इस तरह होना चाहिए, ताकि वे लंबे समय तक टिकाऊ रहें और ग्रामीण आबादी को इसका लाभ मिल सके।