
Ranchi: सिमडेगा की एक लड़की की शिकायत ने रांची के विधायक आवास को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पढ़ाई और स्कूल में दाखिले का भरोसा देकर उसे घर से ले जाने का आरोप है, लेकिन शिकायत के मुताबिक रांची पहुंचने के बाद उसकी जिंदगी ही बदल गई। लड़की ने कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर यौन उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। इस मामले में विधानसभा थाने में POCSO एक्ट के तहत FIR दर्ज की गई है।
शिकायत के अनुसार, मई महीने में एमा बड़ा और जोसिमा खाखा नाम की दो महिलाएं उसे पढ़ाई कराने का भरोसा देकर अपने साथ ले गई थीं। पहले सिमडेगा स्थित विधायक आवास और फिर रांची लाया गया। लड़की का आरोप है कि स्कूल भेजने के बजाय उससे घर के काम कराए जाने लगे।
उसने शिकायत में मारपीट, गाली-गलौज और पर्याप्त खाना नहीं देने की बात भी कही है। आरोप है कि विरोध करने पर उसे डराया-धमकाया जाता था और चुप रहने का दबाव बनाया जाता था।
शिकायत में 5 अगस्त की घटना का भी जिक्र है। लड़की का आरोप है कि रांची के विधायक आवास संख्या 12 में भूषण बाड़ा ने उसके साथ जबरदस्ती की। विरोध करने पर मुंह दबाने की बात भी आवेदन में कही गई है।
पीड़िता के मुताबिक, घटना के बाद उसे किसी को कुछ बताने पर जान से मारने और शव ठिकाने लगाने की धमकी दी गई। अगले दिन वह किसी तरह अपने गांव लौट गई। घर पहुंचने के बाद तबीयत बिगड़ने की बात भी उसने शिकायत में कही है।
लड़की ने विधायक के अलावा उन दोनों महिलाओं के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है, जिन पर उसे पढ़ाई का भरोसा देकर ले जाने का आरोप है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों के पीछे की पूरी सच्चाई क्या है और इस घटनाक्रम में किन लोगों की क्या भूमिका रही।