
रांची: झारखंड की प्रतिभाएं देश के अलग-अलग हिस्सों में अपनी पहचान बना रही हैं। इसी कड़ी में रांची के मोरहाबादी की रहने वाली मधुलिका सिन्हा ने अपनी उपलब्धियों से राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने महज एक घंटे में 49 रेसिपी तैयार कर हार्वर्ड वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। इसके अलावा वह अपने रोस्टेड मखाने के कारोबार के जरिए भी देशभर में पहचान बना रही हैं।
मधुलिका सिन्हा अवकाश प्राप्त जिला गव्य विकास पदाधिकारी अशोक कुमार सिन्हा और मंजू सिन्हा की बेटी हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई रांची के लाला लाजपत राय स्कूल से पूरी की। इसके बाद डेयरी टेक्नोलॉजी में डिग्री हासिल की और मास्टर इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (MCA) की पढ़ाई भी पूरी की।
शादी के बाद मधुलिका अपने पति रितेश कुमार के साथ नई दिल्ली में रहने लगीं। इसी दौरान उन्होंने एनसीआर के फरीदाबाद में रोस्टेड मखाने की पैकेजिंग और मार्केटिंग का काम शुरू किया। उनके इस प्रयास ने धीरे-धीरे एक व्यवसाय का रूप ले लिया। वर्तमान में उनकी कंपनी 'सात्विक ग्रीन' के तहत रोस्टेड मखाने की 13 अलग-अलग वैरायटी बाजार में उपलब्ध हैं।
मधुलिका के कारोबार की खासियत यह है कि इसमें मिथिलांचल के प्रसिद्ध और जीआई टैग प्राप्त मखाने को अलग-अलग स्वादों में तैयार किया जाता है। इन उत्पादों को बनाने में केवल ऑलिव ऑयल का इस्तेमाल किया जाता है।
मधुलिका के मुताबिक, उनके रोस्टेड मखाने की मांग देश के विभिन्न हिस्सों से आ रही है। ग्राहक इसके स्वाद और गुणवत्ता को पसंद कर रहे हैं। उत्पादों को प्रीमियम पैकेजिंग में बाजार तक पहुंचाया जा रहा है। आने वाले दिनों में सात्विक ग्रीन के उत्पाद फ्लिपकार्ट पर भी उपलब्ध कराने की तैयारी है।
व्यवसाय के साथ-साथ मधुलिका ने अपनी पाक कला में भी खास पहचान बनाई है। एक घंटे के भीतर 49 रेसिपी तैयार करने की उनकी उपलब्धि के लिए उन्हें हार्वर्ड वर्ल्ड रिकॉर्ड से सम्मानित किया गया है। उनकी इस उपलब्धि को उनकी मेहनत, रचनात्मकता और हुनर का परिणाम माना जा रहा है।
मधुलिका की इस सफलता से उनके परिवार और परिचितों में खुशी का माहौल है। परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।