सलमान खान के नए गाने पर सोना महापात्रा का तंज, बोलीं- बॉलीवुड करियर गंवाने का कोई अफसोस नहींBy IANS Wed, 18 November 2026 12:08 PM

Photo: IANS

मुंबई। गायिका सोना महापात्रा ने अभिनेता सलमान खान के हालिया गाने 'तेरी सेक्सी ब्यूटी' को लेकर उन पर निशाना साधा है। फिल्म 'मातृभूमि' के इस गाने में सलमान कथित तौर पर दो सूअरों और हवाई जहाज बनने जैसी बातों को गाते नजर आ रहे हैं। सोना ने गाने की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए अपने पुराने विवाद का जिक्र किया और कहा कि उन्हें सलमान से टकराव के कारण बॉलीवुड में अपना करियर प्रभावित होने का कोई पछतावा नहीं है।

सोना ने अपने हालिया सोशल मीडिया वीडियो में उस समय को याद किया, जब उन्होंने एक फिल्म की शूटिंग की थकान की तुलना दुष्कर्म पीड़िता के अनुभव से करने वाले सलमान के बयान की आलोचना की थी। गायिका के मुताबिक, उस दौरान उन्हें सोशल मीडिया पर कई दुष्कर्म की धमकियों का सामना करना पड़ा था।

उन्होंने 2019 में भी सलमान की आलोचना की थी, जब अभिनेता ने प्रियंका चोपड़ा के फिल्म छोड़कर शादी करने के फैसले पर टिप्पणी की थी।

सोना ने बताया कि लंबे समय से कई लोग उनके प्रति सहानुभूति जताते रहे हैं। उनका कहना था कि अगर उन्होंने सलमान खान से विवाद नहीं किया होता, तो उनका बॉलीवुड करियर काफी आगे जा सकता था।

हालांकि, सलमान के नए गाने को देखने के बाद सोना ने इस तरह की सहानुभूति पर ही सवाल उठा दिए। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि जिस फिल्म को कथित तौर पर सैनिकों के बलिदान से प्रेरित बताया जा रहा है, उसमें सुपरस्टार दो सूअरों और हवाई जहाज बनने के बारे में गा रहे हैं।

उन्होंने कहा, "एल्गोरिदम ने मुझे मिस्टर खान की नई मास्टरपीस दिखाई। यह देखकर मुझे अचानक उन लोगों की याद आ गई, जो मेरे बॉलीवुड करियर को लेकर अफसोस जताते थे। क्या यही वह कलात्मक दुनिया है, जिसे मैंने खो दिया? यहां 10 और गाने गा लेती, तो मेरा जीवन सफल हो जाता।"

गायिका ने अपने पिछले 10 वर्षों के संगीत सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि वह अपने काम और उपलब्धियों से बेहद संतुष्ट हैं। उन्होंने बताया कि इस दौरान उन्होंने अपना संगीत तैयार किया, अपने बैंड के साथ देश-विदेश में टूर किए और 'लाल परी मस्तानी', 'भक्ति' तथा 'ब्लूज' जैसे कार्यक्रम बनाए।

इसके अलावा उन्होंने 'सोना 24K' और 'द अनटेम्ड बिलव्ड' जैसे स्वतंत्र प्रोजेक्ट्स पर भी काम किया। सोना ने एक पुरस्कार विजेता डॉक्यूमेंट्री का हिस्सा बनने के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने का भी जिक्र किया। उन्होंने अपनी डॉक्यूमेंट्री 'शट अप, सोना' का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पूरा सफर आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने अपने फैसले और शर्तों पर काम किया।

सोना ने सफलता की प्रचलित परिभाषा पर भी सवाल उठाया। उनके मुताबिक, किसी प्रभावशाली व्यक्ति के करीब रहना या उसके बनाए दायरे में जगह हासिल करना ही सफलता नहीं है। अपने लिए अलग पहचान और काम की दुनिया खड़ी करना कहीं बड़ी उपलब्धि है।

वीडियो के अंत में गायिका ने उन लोगों को भी जवाब दिया, जो उनके कथित खोए हुए बॉलीवुड करियर पर अफसोस जताते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि वह अपनी जिंदगी और संगीत के सफर का भरपूर आनंद ले रही हैं।

सोना महापात्रा लंबे समय से संगीत के साथ-साथ सामाजिक और मनोरंजन जगत से जुड़े मुद्दों पर भी बेबाकी से अपनी राय रखती रही हैं। सलमान खान के साथ उनका पुराना विवाद एक बार फिर उनके इस बयान के बाद चर्चा में आ गया है।