

Photo: MidTime
रामगढ़ पुलिस ने गांजा की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से गुमटी और उसके घर से कुल 22.260 किलो गांजा बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा गांजा के परिवहन में इस्तेमाल किए जाने वाले दो वाहनों को भी जब्त किया गया है।
छतर मांडू स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में रविवार को एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सुभाष चौक स्थित एक गुमटी में अवैध रूप से गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), रामगढ़ के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।
पुलिस के अनुसार, टीम सुभाष चौक स्थित दुर्गा मंदिर के सामने गुमटी के पास पहुंची। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, जिसे जवानों ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रितेश कुमार (20), पिता पुरुषोत्तम कुमार सिंह, निवासी न्यू कॉलोनी बगीचा, रामगढ़ बताया।

इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार गुमटी की तलाशी ली, जहां से करीब 960 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके घर पर भी छापामारी की। यहां 16 अलग-अलग पैकेट में रखा कुल 21.300 किलो गांजा बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस ने गांजा की तस्करी में इस्तेमाल किए जाने के आरोप में एक ऑल्टो कार (JH-2V-2425) और एक अर्टिगा कार (JH-24N-2425) को भी जब्त किया है। बरामद गांजा की कुल मात्रा 22.260 किलो बताई गई है।
इस मामले में रामगढ़ थाना कांड संख्या 216/2026, दिनांक 22 अगस्त 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii), 25 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है। साथ ही बरामद गांजा के स्रोत और इसके आगे की आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है। इससे यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान:
रितेश कुमार, उम्र 20 वर्ष, पिता पुरुषोत्तम कुमार सिंह, निवासी न्यू कॉलोनी बगीचा, थाना एवं जिला रामगढ़।