छठ से पहले रांची के घाटों का हुआ निरीक्षण, डीसी ने सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर दिया जोरBy Mid Time Bureau Sat, 24 October 2026 04:23 PM

Ranchi: रांची में छठ महापर्व को लेकर प्रशासन की तैयारियां तेज हो गई हैं। श्रद्धालुओं को घाटों पर किसी तरह की परेशानी न हो, इसे लेकर जिला प्रशासन ने शहर के प्रमुख छठ घाटों का जायजा लिया। रांची के डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने पूरी टीम के साथ काके डैम, हटनिया तालाब, चड़री तालाब, बड़ा तालाब, धुर्वा डैम और बटन तालाब का निरीक्षण किया। इस दौरान घाटों की मौजूदा स्थिति, साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की आवाजाही से जुड़ी व्यवस्थाओं को देखा गया। अलग-अलग छठ पूजा समितियों के सदस्यों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं और जरूरी व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई।

छठ घाटों पर साफ-सफाई और सुरक्षा पर जोर

निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अधिकारियों को सभी चिन्हित घाटों की पूरी तरह सफाई कराने का निर्देश दिया गया। घाट की सीढ़ियों पर जमी काई हटाने, डीडीटी का छिड़काव कराने और पानी की साफ-सफाई बनाए रखने को कहा गया है। छठ के दौरान घाटों पर सफाईकर्मियों की लगातार तैनाती रखने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि पूजा के दौरान गंदगी की समस्या न हो। धुर्वा डैम पर निरीक्षण के दौरान घाट पर लगी जालियों से श्रद्धालुओं की आवाजाही में परेशानी की संभावना सामने आई। भीड़ को देखते हुए यहां रास्ते में किसी तरह की रुकावट न हो, इसके लिए जरूरी बदलाव के निर्देश दिए गए। घाट क्षेत्र में बेहतर रोशनी और पुरुषों व महिलाओं के लिए अलग-अलग अस्थायी चेंजिंग रूम बनाने को भी कहा गया। सुरक्षा और आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ की टीम को भी तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

जत्रा मेला के रास्ते से हटेगा अतिक्रमण

इसके अलावा काके रोड के मिसिर गोंदा स्थित बरहपाढ़ा जत्रा पूजा समिति के साथ जत्रा मेला की तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई। मेला स्थल तक आने-जाने वाले रास्ते पर अतिक्रमण की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम को इसे तत्काल हटाने और रास्ता सुगम बनाने का निर्देश दिया गया। प्रशासन की ओर से छठ पूजा समितियों से भी सहयोग की अपील की गई है, ताकि घाटों पर सफाई, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और दूसरी व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से पूरा किया जा सके। कुल मिलाकर छठ से पहले रांची के घाटों पर व्यवस्था दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी गई है।