फिलीपींस में हवा में टकराए वायुसेना के दो विमान, हादसे में 4 पायलटों की मौतBy Mid Time Bureau Sat, 24 October 2026 03:31 PM

फिलीपींस में वायुसेना के दो प्रशिक्षण विमान हवा में आपस में टकराने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गए। इस हादसे में चार सैन्य पायलटों की मौत हो गई। फिलीपींस की राजधानी मनीला के दक्षिण में स्थित एक एयर बेस पर हुए इस हादसे की जानकारी सेना ने शनिवार को दी।

फिलीपींस वायुसेना (PAF) के मुताबिक, दुर्घटना शुक्रवार को बटांगस प्रांत के फर्नांडो एयर बेस पर नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान हुई। हादसे में शामिल दोनों विमान SF-260 मॉडल के ट्रेनर एयरक्राफ्ट थे। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उड़ान के दौरान दोनों विमान हवा में ही टकरा गए और एयर बेस परिसर के भीतर गिर गए। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में जमीन पर मौजूद किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की खबर नहीं है।

जांच पूरी होने तक SF-260 विमानों की उड़ान पर रोक

हादसे के बाद फिलीपींस वायुसेना ने एहतियाती कदम उठाते हुए अपने सभी SF-260 प्रशिक्षण विमानों को अस्थायी रूप से ग्राउंड कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जाएगी। जांच पूरी होने और हादसे की वजह स्पष्ट होने तक इन विमानों को उड़ान भरने की अनुमति नहीं होगी।

SF-260 विमानों से जुड़ा यह पहला जानलेवा हादसा नहीं है। इससे पहले मई में उत्तरी फिलीपींस के एक पहाड़ी इलाके में इसी मॉडल का विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें दो पायलटों की मौत हो गई थी। वहीं, साल 2023 में SF-260 TP मार्चेटी विमान एक प्रशिक्षण उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उस हादसे में भी दो पायलटों की जान चली गई थी।

सैन्य अभियानों में भी इस्तेमाल होते हैं SF-260 विमान

SF-260 विमानों का इस्तेमाल केवल पायलटों को प्रशिक्षण देने तक सीमित नहीं रहा है। ये विमान सैन्य अभियानों में भी अपनी भूमिका निभा चुके हैं। साल 2017 में दक्षिणी फिलीपींस के मारावी शहर पर इस्लामिक स्टेट से जुड़े आतंकियों ने कब्जा कर लिया था। इसके बाद आतंकियों के खिलाफ कई महीनों तक सैन्य अभियान चलाया गया। इस दौरान हवाई हमलों और सैन्य कार्रवाई में फिलीपींस की सेना ने SF-260 विमानों का भी इस्तेमाल किया था।

फिलहाल, ताजा हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। चार सैन्य पायलटों की मौत के बाद पूरे SF-260 बेड़े की उड़ानों पर रोक लगा दी गई है।