नेमरा से उठी भर्ती व्यवस्था सुधार की हुंकार, 24 जिलों तक पहुंचेगी यात्राBy Mid Time Bureau Mon, 24 August 2026 06:24 PM

गोला (रामगढ़)। JPSC-JSSC में पारदर्शी, निष्पक्ष एवं भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती व्यवस्था की मांग को लेकर चल रहे “JPSC-JSSC भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान” के दूसरे चरण की शुरुआत सोमवार को दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पैतृक गांव नेमरा से हुई। अभियान के प्रमुख छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने लुकैया टांड़ में शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर एवं सखुआ का पौधा रोपकर भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य झारखंड के युवाओं और अभ्यर्थियों के बीच भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं निष्पक्षता को लेकर जागरूकता और जनसमर्थन मजबूत करना है। रामगढ़ से शुरू हुई यह यात्रा हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, धनबाद, बोकारो समेत 24 जिलों तक पहुंचेगी। यात्रा के दौरान अभ्यर्थियों को न्यायिक मामलों में सहयोग देने के लिए लीगल टीम भी साथ रहेगी। देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि अभियान पूरी तरह संवैधानिक, लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से चलेगा। उनका संकल्प है कि झारखंड में ऐसी भर्ती व्यवस्था बने, जिसमें योग्य अभ्यर्थियों के साथ न्याय हो और भ्रष्टाचार एवं अनियमितता के लिए कोई जगह न हो।

ADVERTISEMENT
Advertisement