

हजारीबाग: हजारीबाग जिले में शुक्रवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। चरही-बेस रेलवे स्टेशन के बीच राँची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस उस समय हादसे का शिकार हो गई, जब रेलवे ट्रैक पर अचानक लकड़ी लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली आ गई। तेज रफ्तार से आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन के यात्रियों में भी कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि ट्रेन में सवार किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टक्कर के कारण वंदे भारत एक्सप्रेस के कुछ हिस्सों के क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे विभाग में भी हड़कंप मच गया। रेलवे के अधिकारी और संबंधित कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
फिलहाल यह जांच का विषय है कि लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंची और उस समय वहां सुरक्षा व्यवस्था की क्या स्थिति थी। रेलवे अधिकारियों की ओर से घटना की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही हादसे की पूरी वजह और नुकसान का स्पष्ट पता चल सकेगा।
इस घटना ने एक बार फिर रेलवे ट्रैक की सुरक्षा और अनधिकृत तरीके से ट्रैक तक पहुंचने वाले वाहनों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। गनीमत रही कि टक्कर के बावजूद कोई बड़ा जनहानि वाला हादसा नहीं हुआ।
