
रामगढ़: जिला समाहरणालय सभा कक्ष में उपायुक्त, रामगढ़ श्री ऋतुराज की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश कुमार लुनायत की उपस्थिति में 'रजरप्पा पर्यटन विकास प्राधिकार' की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में माँ छिन्नमस्तिका मंदिर रजरप्पा के समग्र विकास, श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार, एवं मंदिर न्यास समिति के विस्तार एवं वित्तीय व्यवस्थाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
*उल्लेखनीय है कि यह बैठक माननीय उच्च न्यायालय, झारखंड द्वारा पारित आदेशों के शत-प्रतिशत अनुपालन के क्रम में आयोजित की गई थी।
*बैठक में उपायुक्त द्वारा माँ छिन्नमस्तिका रजरप्पा मंदिर न्यास समिति के विस्तार एवं बैंक खातों से राशि की निकासी एवं व्यय से संबंधित उपविधियों (By & Laws), नियमों, विनियमों, संकल्पों एवं अन्य संबंधित प्रावधानों पर समिति के सदस्यों के साथ विस्तृत रूप से चर्चा किया गया।
मंदिर परिसर में लगाए गए क्यू आर कोड किस बैंक खाते से सम्बद्ध हैं तथा इनके माध्यम से प्राप्त राशि किस खाते में जमा हो रही है एवं दान-पात्रों से प्राप्त राशि के संग्रहण, पारदर्शी गणना, बैंक खाते में जमा करने तथा तत्पश्चात राशि की निकासी एवं व्यय की निर्धारित प्रक्रिया से संबंधित नियमों पर चर्चा की गई।
*बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि माँ छिन्नमस्तिका मंदिर रजरप्पा एक प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र है। यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं मंदिर प्रबंधन की वित्तीय पारदर्शिता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग एवं मंदिर न्यास समिति आपसी समन्वय के साथ न्यायालय के आदेशों का अक्षरसः पालन सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला क्रीड़ा पदाधिकारी-सह-जिला पर्यटन नोडल पदाधिकारी (रामगढ़), अध्यक्ष/उपाध्यक्ष/सचिव मंदिर न्यास समिति (पण्डा समाज) एवं अन्य संबंधित प्रशासनिक व विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे।