
गिरिडीह: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी रविवार सुबह गिरिडीह पहुंचे और दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान अपने साथी और करीबी को खोने के गम में डॉ. अंसारी भावुक होकर रो पड़े। डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि आज मन बेहद व्यथित है। अपने भाई और साथी को खोने का दर्द शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के असमय निधन से उन्होंने एक भाई, साथी और समर्पित जनसेवक खो दिया है।
उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का निधन झारखंड के लिए बड़ी क्षति है। उनकी कमी राज्य की राजनीति में हमेशा महसूस होगी। उनके जैसा व्यक्तित्व और उनकी जगह भर पाना आसान नहीं होगा। स्वास्थ्य मंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि भगवान उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार, समर्थकों और चाहने वालों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।