
मां रूपी सोरेन की तबीयत बिगड़ने के बाद शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उनका हाल जानने रांची के बरियातू रोड स्थित हिल व्यू नर्सिंग होम पहुंचे। अस्पताल पहुंचकर उन्होंने अपनी मां से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने इलाज कर रही मेडिकल टीम और अस्पताल प्रबंधन से भी बातचीत की। उन्होंने रूपी सोरेन की मौजूदा स्थिति, चल रहे इलाज और स्वास्थ्य में सुधार को लेकर जानकारी ली। साथ ही उनके लिए जरूरी चिकित्सा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की।
दरअसल, शुक्रवार को रूपी सोरेन की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उन्हें सांस लेने में परेशानी की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच में छाती में संक्रमण की बात सामने आई है और फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि रूपी सोरेन कुछ दिन पहले ही हैदराबाद से रांची लौटी थीं। वह वहां रूटीन हेल्थ चेकअप के लिए गई थीं। रांची लौटने के कुछ दिनों बाद उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
फिलहाल उनकी स्थिति नियंत्रित बताई जा रही है और मेडिकल टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी अस्पताल पहुंचकर उनकी सेहत से जुड़ी जानकारी लेते रहे।