30 लाख के इनामी टीपीसी सुप्रीमो बृजेश गंझू को यूपी एसटीएफ ने मुठभेड़ में मार गिरायाBy Mid Time Bureau Sun, 20 September 2026 10:27 AM

रांची/वाराणसी: झारखंड में सक्रिय टीपीसी (तृतीय प्रस्तुति कमेटी) के सुप्रीमो और 30 लाख रुपये के इनामी उग्रवादी बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता को उत्तर प्रदेश एसटीएफ की टीम ने मुठभेड़ में मार गिराया। रविवार की सुबह वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र में एसटीएफ और उग्रवादी के बीच मुठभेड़ हुई। इसी दौरान बृजेश गंझू मारा गया।

पुलिस के अनुसार, बृजेश गंझू टीपीसी का प्रमुख कमांडर था और झारखंड में संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाता था। उसके खिलाफ कई आपराधिक और उग्रवादी मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। उसकी गिरफ्तारी पर कुल 30 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

इसमें झारखंड सरकार की ओर से 25 लाख रुपये और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की ओर से पांच लाख रुपये का इनाम शामिल था। यूपी एसटीएफ की कार्रवाई के बाद झारखंड के सुरक्षा एजेंसियों के बीच भी इसे महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

मुठभेड़ के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया। बृजेश गंझू की पहचान और उसके खिलाफ दर्ज मामलों से संबंधित अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।